रिपोर्ट- दिनेश गुप्ता
अंबिकापुर/सरगुजा: जिले के सीतापुर में दो गुटों के बीच हुए विवाद के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, दो युवकों के बीच मामूली कहासुनी के बाद मारपीट की घटना हुई, जिसके बाद माहौल बिगड़ने लगा। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
विवाद के बाद एक पक्ष ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद मामला और गरमाता गया। शिकायतकर्ता पक्ष के लोग थाना परिसर के बाहर सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगे और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। विरोध प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा।

बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने आधी रात तक सड़क पर डेरा जमाए रखा, जिससे लगभग रात 12 बजे तक चक्का जाम की स्थिति बनी रही। लोगों का आरोप है कि पुलिस ने एक पक्षीय कार्रवाई की है, जिसके विरोध में उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।
स्थिति को देखते हुए गुरुवार सुबह सीतापुर बंद का ऐलान किया गया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती कर दी गई है। ASP ने स्वयं मोर्चा संभाला है ताकि कानून व्यवस्था न बिगड़े और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की जांच जारी है।




