BY: Yoganand Shrivastva
नई दिल्ली: संसद भवन परिसर में शीतकालीन सत्र के पहले दिन विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच हंगामा देखने को मिला। इसी बीच कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी संसद परिसर में अपने साथ एक कुत्ता लेकर पहुंच गईं, जिसे लेकर विवाद खड़ा हो गया।
सांसद ने बताया कि रास्ते में एक कार और स्कूटर की टक्कर हुई थी और सड़क पर एक कुत्ता घूम रहा था। उसे चोट लगने का डर था, इसलिए उन्होंने उसे कार में उठाकर अपने साथ संसद भवन ले आईं। सांसद ने कहा कि कुत्ता कार में ही था और बाद में उसे सुरक्षित घर भेज दिया गया।
रेणुका चौधरी ने कहा, “कोई कानून है क्या कि मैं इसे अपने साथ ले जाऊँ? हम एक बेजुबान जानवर की सुरक्षा कर रहे थे, लेकिन इसे बड़ा मुद्दा बना दिया गया। असली काटने वाले तो वही लोग हैं जो पार्लियामेंट में बैठकर सरकार चलाते हैं।”
सांसद ने सरकार और प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग बेजुबान जानवर की देखभाल को मुद्दा बना रहे हैं, जबकि असली समस्याओं पर ध्यान देने की जरूरत है।
इस बीच, शीतकालीन सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष को सलाह दी कि सत्र को ड्रामा का मंच न बनाएं। उन्होंने कहा कि सांसदों को देश के विकास और नागरिकों के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए और सत्र को राष्ट्र की प्रगति की दिशा में उपयोग करना चाहिए।





