BY: Yoganand Shrivastva
India Tech Jobs भारत के टेक्नोलॉजी जॉब मार्केट में नौकरियों की संख्या अक्टूबर 2026 में बढ़कर 1.23 लाख के पार पहुंच गई है। स्टाफिंग फर्म एक्सफीनो की रिपोर्ट के अनुसार, यह पिछले 18 महीनों का उच्चतम स्तर है। सितंबर की तुलना में सक्रिय नौकरियों में 5 प्रतिशत और पिछले साल के मुकाबले 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि, इस बढ़ोतरी का लाभ अनुभवी पेशेवरों को ज्यादा मिलता दिखाई दे रहा है।
अनुभवी पेशेवरों के लिए सबसे ज्यादा अवसर
India Tech Jobs रिपोर्ट के मुताबिक, मिड-सीनियर स्तर पर करीब 68 हजार नौकरियां उपलब्ध हैं, जो कुल अवसरों का लगभग 55 प्रतिशत हैं। इस श्रेणी में पिछले साल की तुलना में 19 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, एंट्री-लेवल यानी फ्रेशर्स के लिए करीब 15 हजार नौकरियां दर्ज की गईं। यह संख्या सालाना आधार पर 15 प्रतिशत अधिक है, लेकिन सितंबर की तुलना में 6 प्रतिशत कम रही।
एआई और डेटा स्किल्स की बढ़ती मांग
India Tech Jobs टेक सेक्टर में आईटी सर्विसेज से जुड़ी करीब 66 हजार सक्रिय नौकरियां हैं, जो पिछले साल के मुकाबले 57 प्रतिशत ज्यादा हैं। कंपनियां एआई इंजीनियरिंग, डेटा एनालिसिस और तकनीकी नेतृत्व जैसे क्षेत्रों में प्रतिभाओं की तलाश कर रही हैं। रिपोर्ट में कोर टेक्नोलॉजी और इंजीनियरिंग से जुड़े लगभग 61 हजार अवसरों का भी उल्लेख है।
बेंगलुरु सबसे बड़ा हब, छोटे शहरों में भी बढ़े अवसर
India Tech Jobs शहरों के लिहाज से बेंगलुरु करीब 31 हजार नौकरियों के साथ सबसे आगे है। हैदराबाद में लगभग 14 हजार और दिल्ली-एनसीआर में 9 हजार सक्रिय अवसर दर्ज किए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी टेक नौकरियों की संख्या बढ़कर करीब 40 हजार हो गई है, जो सालाना आधार पर 67 प्रतिशत की वृद्धि है। हालांकि, कामकाज के तरीके में बदलाव भी दिख रहा है—करीब 81 प्रतिशत अवसर कार्यालय से काम करने वाले हैं, जबकि रिमोट और हाइब्रिड नौकरियों में गिरावट दर्ज की गई है।


