Isa Ahmad
REPORT- KUMAR RAVI SINGH
इटावा। बकेवर 50 शैय्या अस्पताल में मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एक मरीज ने अचानक डॉक्टर से अभद्रता शुरू कर दी। एमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी पर तैनात डॉ. रविंद्र कुमार साहू ने आरोप लगाया कि इलाज के दौरान मरीज ने न केवल गाली-गलौज की बल्कि उनकी गर्दन पकड़कर मारपीट भी की।
डॉक्टर के मुताबिक, इंजेक्शन लगाने के तुरंत बाद मरीज ने उन पर ज़हर का इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर मौजूद नर्स और अन्य स्टाफ ने बीच-बचाव कर हालात को काबू में किया। इस दौरान मरीज द्वारा मेडिकल रजिस्टर फाड़ने का भी आरोप सामने आया है।
डॉ. साहू ने पूरे मामले की शिकायत बकेवर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, हालांकि अब स्थिति सामान्य है।





