रिपोर्ट- राशिद
लखनऊ: मड़ियांव थाना क्षेत्र में SDM के घर हुई हाई-प्रोफाइल चोरी का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 30 लाख रुपये से अधिक की ज्वेलरी बरामद हुई है।
यह चोरी का मामला पुलिस के लिए चुनौती बन गया था, क्योंकि यह गिरोह लंबे समय से शहर में सक्रिय था और कई घरों में सेंध लगा चुका था। वारदात के बाद पुलिस ने सर्विलांस, मुखबिर और तकनीकी टीम की मदद से संदिग्धों की पहचान की और उन्हें दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों पर दो दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। यह सभी एक संगठित चोरी गिरोह का हिस्सा हैं, जिसकी गतिविधियों पर पुलिस लंबे समय से नजर रख रही थी।
इस खुलासे में इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवा नंद मिश्रा की टीम, दरोगा अखिलेश सिंह, नितिन कुमार और शुभम तिवारी—की अहम भूमिका रही। टीम ने कई दिनों तक छानबीन कर चोरी की इस गुत्थी को सुलझाया।
पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या ये लोग अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं। ADCP गोपी नाथ सोनी ने बताया कि इन गिरफ्तारियों से कई पुराने मामलों के खुलासे की उम्मीद है।




