BY: Yoganand Shrivastva
इंदौर। शहर की क्राइम ब्रांच ने मंगलवार रात एक ड्राइवर को गिरफ्तार कर उसके पास से 52.34 ग्राम एमडी ड्रग बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹5.23 लाख बताई जा रही है। आरोपी दैनिक वेतन पर गाड़ी चलाने का काम करता है।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि दिलपसंद ग्रीन मल्टी, स्कीम नंबर 140, पुरानी चौपाटी क्षेत्र में एक युवक संदिग्ध हालत में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। युवक को स्कूटी के पास खड़ा देखा गया, लेकिन पुलिस टीम को देखकर वह भागने की कोशिश करने लगा। घेराबंदी के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम रियाज उर्फ सोनू खान, निवासी ताज नगर, खजराना बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 52.34 ग्राम एमडी ड्रग मिली। पुलिस ने ड्रग और स्कूटी दोनों जब्त कर लिए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹5.83 लाख आंकी गई है।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि रियाज नशे के कारोबार से जुड़ा हुआ है। वह सस्ते दामों पर एमडी खरीदकर उसे नशे के आदी लोगों को महंगे दामों में बेचता था। आरोपी के खिलाफ पहले से भी एक आपराधिक मामला दर्ज है।
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रग की सप्लाई कहां से आती थी और किन लोगों को वह इसे बेचता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।





