Reporter: Puneet Kumar Sen, Edit By: Mohit Jain
अनूपपुर। सोमवार की सुबह अनूपपुर रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। बिलासपुर से कटनी की ओर जा रही मालगाड़ी, जिसमें ओवरलोड कोयला था, स्टेशन परिसर में फैली हाई टेंशन लाइन को छू गई। इससे मालगाड़ी के ऊपर बिजली की चिंगारियां फैल गईं और विस्फोट जैसी स्थिति बन गई।
सूचना के अनुसार, हादसे के समय प्लेटफार्म नंबर 1 पर रीवा चिरमिरी पैसेंजर खड़ी थी और यात्री आवागमन कर रहे थे। गनीमत रही कि मालगाड़ी दूसरी पटरी पर गुजर रही थी, अन्यथा बड़े हादसे की संभावना थी। रेल कर्मियों की तत्परता के कारण मालगाड़ी को प्लेटफार्म नंबर 4 के अतिरिक्त यार्ड में खड़ा कर स्थिति को नियंत्रण में लिया गया।
घटना के कारण स्टेशन पर ट्रेनों का आवागमन बाधित हो गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है और आगे ऐसे मामलों को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया जाएगा।




