वरुण धवन स्टारर बेबी जॉन का जब ट्रेलर सामने आया था, तब ये फिल्म बहुत सॉलिड नजर आ रही थी। उम्मीद थी कि वरुण की पहली मास एंटरटेनर थिएटर्स में जोरदार धमाका करेगी, लेकिन पहले दिन नेगेटिव रिव्यूज ने फिल्म का माहौल खराब कर दिया। फिल्म बेबी जॉन के लिए सबसे बड़ा चैलेंज अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा 2 थी, जो पिछले 20 दिनों से लगातार थिएटर्स में भीड़ कम नहीं होने दे रही है। नई फिल्म बेबी जॉन को पहले दिन जितनी ओपनिंग मिली, वह पुष्पा 2 के 21वें दिन हुए कलेक्शन से भी कम है। वरुण की इस फिल्म से जनता को बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन फिल्म को रिव्यूज बहुत अच्छे नहीं मिले। फिल्म के लिए जनता का वर्ड ऑफ माउथ भी बहुत पॉजिटिव नहीं रहा और इसका असर फिल्म की बॉक्स ऑफिस परफॉरमेंस पर नजर आने लगा है। हालांकि, फेस्टिव सीजन में मास एंटरटेनर होने की वजह से फिल्म को फायदा जरूर मिला है।
फिल्म ने पहले दिन करीब 12-13 करोड़ की रेंज में किया कलेक्शन
ट्रेड रिपोर्ट्स कहती हैं कि फिल्म ने पहले दिन करीब 12-13 करोड़ की रेंज में कलेक्शन किया है। लॉकडाउन के बाद से ये वरुण की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म है। कोविड के बाद आईं उनकी फिल्मों जुगजुग जियो और भेड़िया ने 10 करोड़ से कम कलेक्शन किया था। 5 दिसंबर को रिलीज हुई अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा 2 को क्रिसमस पर जमकर दर्शक मिले और ये फिल्म धमाल मचाने में कामयाब रही। अल्लू अर्जुन का क्रेज इस समय चल रहा है कि पुष्पा2 ने 21वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर नई रिलीज बेबी जॉन से ज्यादा कलेक्शन किया है। अल्लू अर्जुन की फिल्म ने सोमवार और मंगलवार को 12 करोड़ रुपए से थोडा कम कलेक्शन किया था लेकिन क्रिसमस की छुट्टी ने फिल्म में बड़ा जंप मारा और ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुमान कहते हैं कि 21वें दिन पुष्पा 2 ने करीब 15 करोड़ कमाए हैं। शनिवार-रविवार को ये फिल्म एक बार फिर से बड़ा जंप ले सकती है। क्रिसमस के कलेक्शन के बाद पुष्पा 2 के हिंदी वर्जन का नेट कलेक्शन 730 करोड़ रुपए से ज्यादा हो जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि अपने तीसरे हफ्ते में ये फिल्म 800 करोड़ कमाने वाली पहली हिंदी फिल्म बन जाएगी। ऐसे में बेबी जॉन के लिए थिएटर्स में अपनी जगह बना पाना बहुत मुश्किल है। देखना ये है कि वरुण की फिल्म छुट्टियों वाले इस सीजन का कितना फायदा उठा पाएगी।





