शादी समारोह में घूसकर विद्यार्थियों का खाना खाना आम सी बात है। अपने घर से दूर कॉलेज की पढ़ाई करने वाले छात्र अकसर ऐसा करते हैं। कई बार पकड़े भी जाते हैं। जिसके बाद उन्हें बाहर कर दिया जाता है। हालांकि कई बार हंगामा भी हो जाता है। ऐसा ही एक दिलचस्प मामला उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सामने आया है। जहां एक शादी समारोह के दौरान कुछ छात्र बिना आमंत्रण के शादी समारोह में खाने के लिए पहुंच गए थे। जब आयोजकों ने उन्हें मना किया, तो गुस्साए छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया।
गुस्साए छात्रों ने किया ये कारनामा
बताया जा रहा है कि खाने के लिए मना करने के बाद गुस्साए छात्रों ने बम धमाके किए और गोलियां चलाईं, जिससे शादी समारोह में भगदड़ मच गई। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि छात्र शादी के आयोजकों से बहस कर रहे हैं, और फिर बम और गोलियों की आवाजें सुनाई देती हैं।
पुलिस ने जांच की शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। एसीपी नॉर्थ जोन, नेहा त्रिपाठी ने बताया कि लखनऊ विश्वविद्यालय के कुछ छात्र समारोह में पहुंचे थे और उनके बीच विवाद हुआ। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है, और जल्द ही उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लूटपाट का आरोप
कुछ लोगों का कहना है कि छात्रों ने समारोह में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की और महिलाओं के गहने भी लूटकर ले गए। पुलिस ने यह आश्वासन दिया है कि सभी दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना शादी समारोह में बढ़ते हुए असामाजिक व्यवहार को दर्शाती है और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की योजना बनाई है।





