By: Vandana Rawat
Shattila Ekadashi 2026: प्रयागराज के संगम तट पर 14 जनवरी को आयोजित माघ मेले के दूसरे बड़े स्नान पर्व ‘मकर संक्रांति’ और षटतिला एकादशी के अवसर पर श्रद्धालुओं का उमड़ता हुुआ जनसैलाब देखने को मिला। सुबह से ही भोर में ही लाखों श्रद्धालु पुण्य की डुबकी लगाने संगम घाटों पर पहुंच गए। मेला अधिकारी ऋषिराज के अनुसार, दोपहर तक ही श्रद्धालुओं की संख्या 50 लाख पार कर गई, जबकि शाम तक यह आंकड़ा 85 लाख से अधिक हो गया।

मेला प्रशासन ने इस विशाल जनसमूह को देखते हुए 24 स्नान घाटों का निर्माण किया और घाटों की लंबाई 3.69 किमी तक बढ़ा दी। महिलाओं के लिए 1200 से अधिक चेंजिंग रूम बनाए गए, जबकि पहली बार पक्के घाटों के पास कैनोपी आकार के अस्थायी फोल्डिंग चेंजिंग रूम की भी व्यवस्था की गई।
Shattila Ekadashi 2026: सुगम आवागमन और रेलवे-रोडवेज के साथ समन्वय
श्रद्धालुओं के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए रोडवेज की 1800 बसें और क्यूआरटी टीमें हर आपात स्थिति के लिए तैयार रही। रेलवे ने रिंग रेल सेवा के तहत 8 ट्रेनों का संचालन किया और प्रयागराज रामबाग एवं झूसी स्टेशनों पर 16 ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की सुविधा दी।
भीड़ प्रबंधन के लिए स्टेशन परिसर में 1186 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए, साथ ही 18 यात्री आश्रय स्थल तैयार किए गए जिनकी कुल क्षमता 1.20 लाख यात्रियों की है। श्रद्धालुओं की निगरानी के लिए पहली बार तीन कंट्रोल सेंटर बनाए गए – आई ट्रिपल सी, पुलिस लाइन और जिला कलेक्ट्रेट में।

यह खबर भी पढ़ें: Gorakhpur Temple: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मकर संक्रांति पर चढ़ाई खिचड़ी, प्रदेशवासियों के सुखमय जीवन की कामना
कुल मिलाकर, 14 जनवरी का मकर संक्रांति और षटतिला एकादशी का स्नान पर्व श्रद्धालुओं के लिए आस्था और विश्वास का अद्भुत अवसर बना।





