रिपोर्ट: वैभव चौधरी, एडिट- विजय नदंन
धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी ज़िला अस्पताल से जुड़ा एक हैरान करने वाला और घिनौना मामला सामने आया है। यहां जीवन दीप समिति में कार्यरत एक वार्ड बॉय ने नौकरी दिलाने के बदले एक महिला आवेदक से कथिततौर पर शारीरिक संबंध बनाने की मांग कर डाली। महिला की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस सूत्रों के अनुसार एक महिला ने ज़िला अस्पताल धमतरी में जीवन दीप समिति के अंतर्गत वार्ड आया (Ward Attendant) पद के लिए आवेदन फॉर्म भरा था। आवेदन जमा करने के बाद उसे जीवन दीप समिति के वार्ड बॉय राहुल इलमकर का फोन आया। आरोपी राहुल ने महिला को ज़रूरी काम बताकर अस्पताल के कार्यालय में मिलने के लिए बुलाया। महिला जब उससे मिलने पहुँची तो आरोपी ने उससे नौकरी के बदले दो शर्तें रखीं।

पहली- ₹30,000 से ₹40,000 रुपये देने होंगे।
या
दूसरी शारीरिक संबंध बनाना होगा।
महिला द्वारा इस मांग का कड़ा विरोध करने पर आरोपी राहुल इलमकर ने उसके साथ अशोभनीय और अभद्र व्यवहार किया। इस घटना से आहत महिला ने तत्काल पुलिस अधीक्षक (SP) से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए, थाना प्रभारी कोतवाली को तत्काल सूक्ष्मता से जांच कर वैधानिक कार्यवाही के निर्देश दिए। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी ने शिकायत में प्राप्त तथ्यों की गहनता से जांच की, जिसमें सभी आरोप सत्य पाए गए।

मणिशंकर चंद्रा, एएसपी धमतरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर आरोपी राहुल इलमकर को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कार्यस्थल पर इस तरह के दुर्व्यवहार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह घटना सरकारी दफ्तरों में नौकरी के नाम पर होने वाले यौन उत्पीड़न और भ्रष्टाचार की ओर गंभीर इशारा करती है।






