अगले साल दिल्ली में 70 सीटों पर विधानसभा चुनाव सम्पन्न होने है। इसको लेकर आम आदमी पार्टी ने कमर कस ली है। चुनाव से पहले ही आम आदमी पार्टी जनता को लुभाने के लिए तरह-तरह के प्रयोग कर रही है। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी ने एक पोस्टर जारी किया है। इस पोस्टर में केजरीवाल को पुष्पा स्टाईल में झाडू लेकर दिखाया गया है। जब से पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है तब से पोस्टर को लेकर चर्चा तेज हो गई है। बता दें कि हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘पुष्पा 2’ काफी लोकप्रिय हुई है। इसी का फायदा अब केजरीवाल उठाना चाहते है और अपने आप को पुष्पा स्टाइल में पेश करके जनता का आर्शीवाद प्राप्त करना चाहते है।
चुनाव को लेकर आप और भाजपा में पोस्टर जंग
इससे पहले भाजपा ने भी आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल को घेरते हुए एक पोस्टर जारी किया था। जिसमें आम आदमी पार्टी सरकार के कथित घोटालों के बारे में बताया गया है। इस पोस्टर में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के फोटो को लगाया गया था। इस पोस्टर को भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया था।
विधानसभा की तैयारी में जुटी आप
बता दें कि अगले साल फरवरी में दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर चुनाव होना है। जिसकी तैयारियों को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी पूरे जोश में काम कर रही है। अभी दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान हुआ नहीं है। 2020 में हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी ने पूर्ण बहुमत हासिल किया था और 70 में से 62 सीटें जीती थीं। भाजपा के खाते में 8 सीटें गई थीं, जबकि कांग्रेस के हाथ खाली रहे थे।





