बेमेतरा। संवाददाता- संजू जैन
शिक्षक दिवस (5 सितंबर) के अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल महामहिम रमेन डेका द्वारा प्रदेशभर के उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक जिले से दो शिक्षकों का चयन किया गया है। इसी क्रम में बेमेतरा जिले से नवाचारी शिक्षिका केवरा सेन को इस वर्ष राज्यपाल पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
जिले में खुशी की लहर
जैसे ही केवरा सेन के नाम की घोषणा हुई, जिले, विकासखंड और समूचे अंचल में हर्ष और उत्साह की लहर दौड़ गई। उनके परिवार के लोग भी इस उपलब्धि पर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
जापानी भाषा सीखकर बच्चों को बना रहीं विशेष
केवरा सेन छत्तीसगढ़ की पहली शिक्षिका हैं जिन्होंने स्वयं जापानी भाषा सीखी और अब अपने विद्यालय के बच्चों को भी जापानी भाषा सिखा रही हैं। इतना ही नहीं, वे बच्चों को अंतर-राज्यीय स्तर पर महाराष्ट्र के विद्यार्थियों से ऑनलाइन वार्तालाप करवा रही हैं।
किताब का हुआ विमोचन
शिक्षिका केवरा सेन द्वारा लिखी गई पुस्तक “बेसिक जापानी भाषा” का विमोचन महाराष्ट्र के तत्कालीन राज्यपाल महामहिम रमेश बैस ने किया था। इस किताब के आधार पर न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि महाराष्ट्र के बच्चे भी जापानी भाषा सीख रहे हैं।
अंग्रेजी में भी करवा रहीं पारंगत
जापानी भाषा के साथ-साथ उनके विद्यालय के बच्चे अब स्पोकन इंग्लिश भी समूह में सीख रहे हैं। उनके नवाचार और मेहनत से ग्रामीण अंचल के बच्चों में भी नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हो रहा है।





