BY
Yoganand Shrivastava
Odisha झारसुगुड़ा जिले के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के टंगरपाली गाँव में शनिवार की रात एक माँ ने अपने 5 वर्षीय बेटे और 10 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी महिला की पहचान रंजिता ओराम के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और सन्नाटे का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Odisha साजिश के तहत पति को घर से निकाला बाहर
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात परिवार ने साथ में भोजन किया और फिर सभी सोने चले गए। आधी रात के करीब रंजिता ने एक सोची-समझी साजिश के तहत अपने पति को किसी बहाने से घर के बाहर भेज दिया। जैसे ही पति बाहर निकला, रंजिता ने तुरंत घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और अंदर सो रहे बच्चों पर हमला कर दिया।

Odisha कुल्हाड़ी से वार कर मासूमों को सुलाया मौत की नींद
रंजिता ने अपनी 10 साल की बेटी जिज्ञाशा और 5 साल के बेटे विभांशु पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए। हमला इतना घातक था कि दोनों बच्चों ने बिस्तर पर ही दम तोड़ दिया। मासूमों की हत्या करने के बाद रंजिता ने एक धारदार हथियार से अपना भी गला रेत लिया। जब पति को अनहोनी की आशंका हुई, तो उसने पड़ोसियों की मदद से खिड़की तोड़ी और घर में दाखिल हुआ, जहाँ का मंजर देखकर सभी की रूह कांप गई।

Odisha गंभीर हालत में महिला अस्पताल में भर्ती, जांच जारी
घटनास्थल पर बच्चों के शव खून से लथपथ पड़े थे, जबकि रंजिता लहूलुहान हालत में तड़प रही थी। उसे तुरंत झारसुगुड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बुर्ला के ‘वीर सुरेंद्र साय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस’ (VIMSAR) रेफर कर दिया गया है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती तौर पर यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ा लग रहा है, हालांकि पुलिस वैज्ञानिक टीम की मदद से घटना की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।





