रिपोर्टर: पवन कुमार सिंह
Mouni Kumari Mount Elbrus : सारण जिले की बहू और बिहार ग्रामीण बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत मोनी कुमारी ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस का सफलतापूर्वक आरोहण कर बिहार का नाम रोशन किया है। 5,643 मीटर ऊंची इस चोटी पर मोनी कुमारी ने 14 अगस्त 2026 की सुबह तिरंगा फहराकर अपनी उपलब्धि दर्ज की।
मोनी कुमारी मूल रूप से आरा की रहने वाली हैं और सारण जिले के ईशुआपुर प्रखंड के दात्रा परसौली निवासी विनोद कुमार सिंह की बहू हैं। बैंकिंग क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के साथ-साथ पर्वतारोहण के क्षेत्र में लगातार उपलब्धियां हासिल करना उनके साहस, अनुशासन और जुनून को दर्शाता है।

Mouni Kumari Mount Elbrus : 15 अगस्त को फहराना था तिरंगा, मौसम ने बदली रणनीति
मोनी कुमारी ने माउंट एल्ब्रुस अभियान की शुरुआत 10 अगस्त 2026 को की थी। उनकी योजना स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को चोटी पर पहुंचकर तिरंगा फहराने की थी। हालांकि, पर्वत पर मौसम लगातार बिगड़ने लगा। तेज हवाओं और खराब मौसम को देखते हुए उन्होंने सुरक्षा को प्राथमिकता दी और एक दिन पहले ही 14 अगस्त की सुबह सफलतापूर्वक शिखर पर पहुंचकर तिरंगा फहराया।
माउंट एल्ब्रुस का अभियान उनके लिए आसान नहीं था। चढ़ाई के दौरान उन्हें अत्यधिक ठंड, तेज हवाओं, बर्फबारी, कम ऑक्सीजन और बर्फ से ढके बेहद कठिन रास्तों का सामना करना पड़ा। मौसम में अचानक होने वाले बदलाव ने चुनौती को और कठिन बना दिया। इसके बावजूद मोनी कुमारी ने हिम्मत नहीं छोड़ी और अपने लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ती रहीं।
Mouni Kumari Mount Elbrus : पहले किलिमंजारो, अब एल्ब्रुस, दूसरी बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि
माउंट एल्ब्रुस पर विजय मोनी कुमारी की दूसरी बड़ी अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण उपलब्धि है। इससे पहले दिसंबर 2025 में उन्होंने अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण किया था। मोनी कुमारी Basic Mountaineering Course (BMC) भी पूरा कर चुकी हैं। लगातार पर्वतारोहण अभियानों में सफलता हासिल करना उनके प्रशिक्षण और पर्वतारोहण के प्रति गंभीरता को दर्शाता है। उनकी उपलब्धियां यह संदेश देती हैं कि नौकरी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ अपने सपनों को पूरा करने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास जरूरी है।
Mouni Kumari Mount Elbrus : परिवार के सहयोग को दिया सफलता का श्रेय
माउंट एल्ब्रुस फतह करने के बाद मोनी कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग और प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने अपने पति आशीष कुमार पुंज, माता-पिता और सास-ससुर के निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। मोनी कुमारी ने बिहार सरकार से भी सहयोग और प्रोत्साहन की अपेक्षा जताई है। उनका उद्देश्य पर्वतारोहण के क्षेत्र में आगे भी नई ऊंचाइयां हासिल करना है। साथ ही वह बिहार की बेटियों और युवाओं को साहसिक खेलों तथा पर्वतारोहण के लिए प्रेरित करना चाहती हैं।
Mouni Kumari Mount Elbrus : बिहार की बेटियों और युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
मोनी कुमारी की यह उपलब्धि बिहार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने दिखाया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे हासिल करने का जुनून हो तो कठिन परिस्थितियां भी रास्ते की बाधा नहीं बन सकतीं। बैंक मैनेजर के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्वतारोहण में उपलब्धियां हासिल करने वाली मोनी कुमारी ने युवाओं के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है। खासकर बिहार की बेटियों के लिए उनकी सफलता यह संदेश देती है कि मेहनत, आत्मविश्वास और परिवार के सहयोग के साथ बड़े से बड़े सपने को साकार किया जा सकता है।
Read more : आय से अधिक संपत्ति मामले में Rahul Gandhi को बड़ी राहत, इलाहाबाद HC में कार्यवाही पर रोक

