Report by; Kamlesh Kumar, Edit by: Priyanshi Soni
Minor girl kidnapping case: मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र के अठलकड़ा गांव से एक बेहद संवेदनशील और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। गांव की एक नाबालिग किशोरी के अपहरण का आरोप गांव के ही दो युवकों पर लगा है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भगाकर ले जाने की धाराओं में एफआईआर तो दर्ज कर ली, लेकिन घटना के 10 दिन बीत जाने के बाद भी न तो किशोरी का कोई सुराग मिल सका है और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई हुई है।
Minor girl kidnapping case: दिन-रात बेटी की तलाश में भटक रहा परिवार
किशोरी के लापता होने से परिवार पूरी तरह टूट चुका है। मां-बाप दिन-रात अपनी बेटी की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं। गांव से लेकर आसपास के इलाकों में गुमशुदगी के पोस्टर लगाए गए हैं, लेकिन अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।
Minor girl kidnapping case: थक-हारकर मंदिर में धरने पर बैठी मां
पुलिस से निराश होकर किशोरी की मां मंदिर पर धरने पर बैठ गई है। उसकी आंखों में आंसू और जुबान पर सिर्फ एक ही बात है-“अब सबसे भरोसा टूट गया है, केवल भगवान से ही आस बची है।” मां का कहना है कि जब तक बेटी सुरक्षित वापस नहीं मिल जाती, वह मंदिर से नहीं हटेगी।

Minor girl kidnapping case: पुलिस पर गंभीर आरोप
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने सिर्फ औपचारिकता निभाते हुए रिपोर्ट दर्ज की, लेकिन इसके बाद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। आरोपी युवक खुलेआम घूम रहे हैं। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की जाती, तो आज उनकी बेटी उनके पास होती।
न्याय की गुहार
परिवार ने जिला प्रशासन और पुलिस के उच्च अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप करने और किशोरी को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद करने की मांग की है। गांव में इस घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है।
नाबालिग की सुरक्षित वापसी की उम्मीद में पूरा परिवार और ग्रामीण प्रशासन की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं।
यह खबर भी पढ़ें: Foreign Investment: ‘उद्योग प्रथम, निवेश प्रथम’ : यूपी बना वैश्विक निवेशकों के लिए भरोसेमंद गंतव्य





