रिपोर्ट: खन्ना सैनी, BY: Vijay Nandan
मथुरा के अड़ींग क्षेत्र स्थित जगन प्रसाद फिलिंग स्टेशन पर बीती रात एक बड़ा बवाल हो गया। डीजल भरवाने के बाद भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया और कुछ लोगों ने सेल्समैन शिवकुमार पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले की पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 8 बजे तीन से चार युवक एक चारपहिया वाहन (UP85 CV 6138) से पंप पर पहुंचे और करीब 3,670 रुपये का डीजल भरवाया। इसके बाद उन्होंने दावा किया कि इतनी राशि में उनकी गाड़ी की टंकी फुल नहीं होती और सवाल उठाने लगे। जब पंप के सेल्समैन खेमचंद ने उन्हें समझाने की कोशिश की कि डीजल जीरो सेटिंग के बाद ही डाला गया है और जांच भी की जा सकती है, तो आरोपियों ने बहस शुरू कर दी।
आरोप है कि इसी बीच युवक पंप के मुनीम के भाई और पंप स्टाफ शिवकुमार से भिड़ गए। पहले गाली-गलौज और फिर धक्का-मुक्की करते हुए आरोपी शिवकुमार को पंप ऑफिस तक खदेड़ लाए और वहां बुरी तरह से पीटा। अचानक पीछे से एक युवक ने शिवकुमार के सिर पर किसी धारदार वस्तु से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। बवाल के दौरान उसकी जेब में रखा पंप का कैश भी गायब हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिवकुमार का मेडिकल परीक्षण कराया गया। वहीं पंप प्रबंधन ने पुलिस को पूरी घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दी है। फिलहाल एक नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।





