BPSC के छात्र आईसीयू में एडमिट, खान सर ने फिर संभाला मोर्चा, कहा जरूरत पड़ने पर SC जाएंगे

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image
Many BPSC students admitted in ICU, Khan sir again took charge, said will go to Supreme Court if needed

समर्थन में अभ्यर्थियों के साथ धरने में शामिल हुए सांसद पप्पू यादव

पटना: बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में कथित धांधली के विरोध में भूख हड़ताल पर बैठे कई छात्रों की हालत गंभीर होती जा रही है। यूट्यूबर और शिक्षक खान सर ने आंदोलनकारी अभ्यर्थियों से मुलाकात कर और उनकी बिगड़ती हालत पर चिंता जताई। 70वीं बीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर ये अभ्यर्थी पिछले कई दिनों से पटना के गर्दनीबाग में भूख हड़ताल पर बैठे हैं। अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर खान सर ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की है। उन्होंने जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट जाने की बात भी कही है। बताया जाता है कि कुछ छात्रों की हालत इतनी खराब है कि उन्हें ICU में भर्ती कराना पड़ा है।

आंदोलन को सांसद पप्पू यादव का समर्थन

पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC)की 70वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर धरने पर बैठे छात्रों का समर्थन किया है। पप्पू यादव सोमवार की देर रात पटना के गर्दनी बाग धरना स्थल पहुंचे और छात्रों के साथ बैठ गए। खास बात ये है कि पप्पू यादव का जन्मदिन भी है। सांसद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि बिहार सरकार और बीपीएससी होश में आओ। छात्र हित में ये परीक्षा रद्द होना चाहिए। परीक्षा माफिया के चंगुल से बाहर आओ। ये बेटियां इस भीषण ठंड में धरना पर बैठी थीं। मैं कैसे घर में सो जाता? साथियों रजाई से बाहर आओ, तभी क्रांति होगी। इससे पहले सोमवार की शाम भी सांसद धरना स्थल पहुंचे थे और छात्रों की मांगों का समर्थन किया था। विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया है। गौरतलब है कि 13 दिसंबर को आयोजित संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा में प्रदेश की राजधानी पटना के बापू भवन परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्र लीक होने की अफवाह फैल गई थी, जिसके बाद सैकड़ों उम्मीदवारों ने अपना विरोध दर्ज कराने के लिए परीक्षा का बहिष्कार भी किया था। हालांकि, बीपीएससी ने दावा किया कि ऐसी अफवाह फैलाने वाले लोग असामाजिक तत्व थे। हालांकि बीपीएससी ने बापू परीक्षा परिसर में परीक्षा देने वाले 5,000 से अधिक उम्मीदवारों के लिए फिर से परीक्षा आयोजित करने का आदेश दिया है.
छात्र परीक्षा को रद्द कराने की मांग को लेकर पटना के गर्दनीबाग में धरने पर बैठे हुए हैं।