MP Education News : विद्यार्थियों के सपने साकार करेगी सरकार,युवा ही पूरा करेंगे विकसित भारत के संकल्प
MP Education News : मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की वह कुंजी है, जो विद्यार्थियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाती है। ये कहना है मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का… भोपाल के कमला नेहरू सांदीपनि शासकीय कन्या विद्यालय में छात्राओं और शिक्षकों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज इन युवाओं के चेहरों पर ही मुझे भारत का उज्ज्वल भविष्य दिखाई देता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का सहजता से उत्तर दिया एवं उन्हें नवाचार, तकनीक और सतत रूप से सीखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं से पूछा कि ‘किताब से कल तक’ विषय का क्या अर्थ है, जिस पर छात्राओं ने बेबाकी से अपनी बात मुख्यमंत्री के सामने रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सांदीपनि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का नया मानक स्थापित कर रहे हैं।
MP Education News : ड्रॉपआउट दर शून्य होना और मेरिट में सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन इसी परिवर्तन का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी पढ़-लिखकर जीवन में उन्नति करें, देश सेवा में योगदान दें और स्वावलंबी बनकर रोजगार के नए अवसर सृजित करें। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव विद्यार्थियों से संवाद के दौरान ‘मास्टर ट्रेनर’ की भूमिका में नज़र आए। उन्होंने छात्राओं को सफलता के अनमोल टिप्स दिए और भरोसा दिलाया कि ‘आज का विद्यार्थी ही कल का भारत है’। विद्यार्थियों के हर सपने को साकार करने के लिए मध्यप्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि AI का उपयोग जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ करना चाहिए, साथ ही प्राप्त आंकड़ों की पुष्टि के लिए क्रॉस-चेक करना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम में शिक्षकों से संवाद में उन्होंने कहा कि वे विद्यार्थियों को जीवन मूल्यों के प्रति लगातार प्रेरित करें, जिससे वे सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

