Isa Ahmad
Report- Kamlesh Kumar
जनपद मैनपुरी में लूट और चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार ने जनपद के विभिन्न इलाकों में टेंपरेरी रूप से निवास कर रहे लोगों का सत्यापन कराया।
जानकारी के अनुसार, दूसरे जनपदों से आए कुछ गरीब लोग पन्नी और तिरपाल डालकर अस्थायी रूप से रह रहे थे। पुलिस द्वारा इन्हें चिन्हित कर उनके पहचान पत्रों की जांच की गई। क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि बिना वैध पहचान और अनुमति के जनपद मैनपुरी की सीमा में अस्थायी निवास करना नियमों के विरुद्ध है। ऐसे लोगों को तत्काल अपने मूल जनपद में लौटने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि भविष्य में लूट या चोरी जैसी कोई घटना सामने आती है और उसमें असत्यापित या अवैध रूप से निवास कर रहे लोगों की भूमिका पाई जाती है, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और अपराधों पर अंकुश लगाना है।
क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस आम नागरिकों से भी अपील कर रही है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।





