रिपोर्ट: उमेश डहरिया, कोरबा
तीन लोग गंभीर रूप से घायल
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मनुष्य और हाथियों के बीच संघर्ष की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कोरकोमा गांव से सटे जंगल का है, जहां तेंदूपत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों पर एक दंतैल हाथी ने हमला कर दिया। इस हमले में तीन ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना में अनुपमा कंवर, उनकी बेटी छोटी और कुमार सिंह घायल हुए हैं। कुमार सिंह का दायां पैर फ्रैक्चर हो गया है, जबकि अनुपमा को गंभीर हालत में जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। अन्य दो घायलों को कोरकोमा स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छह से अधिक ग्रामीण तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए बताती डेम के पास जंगल में गए थे। इसी दौरान अचानक एक हाथी वहां आ पहुंचा। हाथी को देखते ही अन्य ग्रामीण जान बचाकर भाग निकले, लेकिन तीन लोग उसकी चपेट में आ गए। ग्रामीणों के शोर मचाने पर हाथी जंगल की ओर भाग गया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। वन विभाग के एसडीओ ने बताया कि यह हाथी बीती रात से इसी क्षेत्र में विचरण कर रहा है और विभाग की टीम उस पर लगातार नजर रख रही है।
वन विभाग की ओर से घायलों को शासन की ओर से मुआवजा राशि प्रदान की गई है। साथ ही आसपास के गांवों में मुनादी कराई जा रही है कि ग्रामीण सुबह और रात के समय जंगलों में न जाएं और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
इस घटना ने एक बार फिर मानव-हाथी संघर्ष की गंभीरता को उजागर कर दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Aaj Ka Rashifal 16 May 2025: जानिए मेष से मीन तक सभी राशियों का भविष्यफल और आज का पंचांग





