संवाददाता: मनोज कुमार
Katihar De Addiction Center Firing बिहार के कटिहार जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक नशा मुक्ति केंद्र के भीतर घुसकर सरेआम फायरिंग की गई। नियमों का हवाला देकर बाहर के लिए दवा देने से मना करने पर एक पूर्व भर्ती युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर केंद्र के संचालक और कर्मचारियों को कट्टे-पिस्तौल के दम पर धमकाया और जमीन पर गोली चला दी। यह पूरी खौफनाक वारदात वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
Katihar De Addiction Center Firing शादी के बाद फिर लगी नशे की लत, दवा न मिलने पर उपजा विवाद
Katihar De Addiction Center Firing नशा मुक्ति केंद्र के संचालक महेश दास के अनुसार, कटिहार के रहने वाले बॉबी यादव नामक युवक को उसके पिता ने करीब चार महीने पहले सुधार के लिए केंद्र में दाखिल कराया था। करीब दो हफ्ते पहले परिवार वाले उसकी शादी के सिलसिले में उसे घर ले गए थे। लेकिन शादी के दिन ही बॉबी ने फिर से नशा करना शुरू कर दिया।
इसके बाद बेबस पिता दोबारा अपने बेटे को लेकर केंद्र पहुंचे और संचालक से बाहर ले जाने के लिए नशा छुड़ाने की दवा मांगी। केंद्र के कड़े नियमों के मुताबिक डॉक्टरों की देखरेख के बिना बाहर दवा देना प्रतिबंधित था, इसलिए प्रबंधन ने दवा देने से इनकार कर दिया।
Katihar De Addiction Center Firing गेरुआ गंजी पहने पहुंचा हमलावर, पैर के पास दाग दी गोली
दवा न मिलने से आगबबूला होकर बॉबी यादव अपने एक साथी के साथ अवैध हथियारों से लैस होकर नशा मुक्ति केंद्र में धमक गया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि गेरुआ रंग की बनियान पहने मुख्य आरोपी हाथ में पिस्टल लहराते हुए स्टाफ से बहस कर रहा है। विवाद बढ़ने पर उसने दहशत फैलाने के इरादे से एक कर्मचारी के पैरों के पास जमीन पर गोली चला दी। इस अचानक हुई फायरिंग से केंद्र में मौजूद मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों में अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया।
Katihar De Addiction Center Firing दुस्साहस: दोबारा केंद्र पहुंचते ही पुलिस ने दबोचा
वारदात को अंजाम देकर भागने के कुछ ही देर बाद आरोपी बॉबी यादव दोबारा किसी इरादे से नशा मुक्ति केंद्र के पास पहुंचा। स्टाफ ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत इसकी भनक नगर थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर घेराबंदी की और मुख्य आरोपी बॉबी यादव को धर दबोचा। केंद्र संचालक ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार दूसरे साथी की तलाश और मामले की वैधानिक जांच में जुटी है।





