,

कानपुर : मां ने प्रेमी संग रची बेटे की हत्या की साजिश — मर्डर से पहले कराया 40 लाख का बीमा, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

BY: Yoganand shrivastva

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने इकलौते बेटे की हत्या करवा दी। वजह थी — बेटा अपनी मां के अवैध संबंधों के खिलाफ था। इस हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने प्रेमी और उसके भाई को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

ममता बनी निर्दयी मां

अंगदपुर गांव निवासी ममता के पति संदीप कुमार की मौत के बाद उसका गांव के ही युवक मयंक कटियार से प्रेम संबंध बन गए थे। ममता का बेटा प्रदीप, जो आंध्र प्रदेश में नौकरी करता था, दीपावली पर घर आया तो उसे मां और मयंक के संबंधों की जानकारी हुई। उसने इसका विरोध किया, जिससे दोनों नाराज हो गए और उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।

पहले कराया बीमा, फिर रचा कत्ल

पुलिस जांच में सामने आया कि ममता ने बेटे के नाम पर 40 लाख रुपये की चार बीमा पॉलिसियां कराई थीं। योजना थी कि हत्या को दुर्घटना का रूप दिया जाएगा ताकि बीमा की रकम मिल सके। इसके लिए मयंक ने हथौड़ी खरीदी और अपने छोटे भाई ऋषि कटियार को हत्या में शामिल किया।26 अक्टूबर को ऋषि ने प्रदीप को होटल में खाना खाने के बहाने बुलाया। रास्ते में मयंक और ऋषि ने प्रदीप के सिर पर हथौड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को कानपुर–इटावा हाईवे पर डेरापुर थाना क्षेत्र में फेंक दिया।अगले दिन सुबह जब शव मिला तो पहले पुलिस ने इसे सड़क हादसा मान लिया।

दादा के संदेह से खुला राज

मृतक के दादा जगदीश नारायण को ममता और मयंक के संबंधों पर पहले से शक था। उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी और ग्रामीणों ने थाने में हंगामा किया। इसके बाद हत्या का केस दर्ज किया गया।

मुठभेड़ में पकड़े गए आरोपी

जांच के दौरान पुलिस ने जब ऋषि को घेराबंदी में पकड़ा, तो उसने तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से वह घायल हुआ और पकड़ा गया। उसके पास से तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने प्रेमी मयंक को भी गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी जब्त कर ली।

पुलिस का बयान

कानपुर देहात के एडिशनल एसपी राजेश पांडेय ने बताया कि प्रेम संबंध और बीमा की रकम हासिल करने की लालच में ममता ने अपने प्रेमी संग बेटे की हत्या की। गिरफ्तार आरोपी ऋषि के खिलाफ पहले से लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है और पूरे प्रकरण की जांच जारी है।