दिल्ली के कालकाजी मंदिर में शुक्रवार देर रात प्रसाद को लेकर हुआ विवाद खूनी झगड़े में बदल गया। इस झगड़े में 35 वर्षीय सेवादार योगेंद्र सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। योगेंद्र पिछले 14–15 सालों से मंदिर में सेवा कर रहे थे।
पुलिस को मिली सूचना
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 9:30 बजे PCR को मंदिर परिसर में झगड़े की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि कुछ युवक दर्शन के बाद सेवादार से चुन्नी प्रसाद मांग रहे थे। इसी बात पर कहासुनी बढ़ी और विवाद मारपीट में बदल गया।
वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में 5–6 लोगों का समूह योगेंद्र सिंह को लाठियों से बेरहमी से पीटता दिख रहा है। वीडियो में साफ नजर आता है कि योगेंद्र जमीन पर बेसुध पड़े हैं और आसपास खड़े लोग भय से तमाशबीन बने हुए हैं।
अस्पताल में मौत
घायल योगेंद्र को तुरंत AIIMS ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी फरार
पुलिस ने बताया कि इस मामले में धारा 103(1) (हत्या) और 3(5) (कॉमन इंटेंट) के तहत केस दर्ज किया गया है। मौके पर मौजूद लोगों ने एक आरोपी अतुल पांडे (30), निवासी दक्षिणपुरी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
मूल निवासी उत्तर प्रदेश के हरदोई के थे पीड़ित
पीड़ित योगेंद्र सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के रहने वाले थे। वह लंबे समय से कालकाजी मंदिर में सेवा कर रहे थे और श्रद्धालुओं के बीच बेहद सम्मानित थे।





