Report: Devendra Jaiswal
Indore मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में विश्वासघात और ठगी का एक अनोखा मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक गैस एजेंसी में पिछले 15 वर्षों से कार्यरत पुराने कर्मचारी ने ग्राहकों और संचालक को लाखों का चूना लगा दिया। आरोपी कर्मचारी करीब 30 घरों से खाली सिलेंडर इकट्ठा कर फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
Indore 30 घरों में सेंध: ‘नंबर आ गया है’ कहकर ले गया सिलेंडर
घटना बाणगंगा इलाके की है, जहाँ वल्लभ नगर निवासी 65 वर्षीय संतोष मिश्रा “गैस पाइंट” नाम से अपना गोदाम संचालित करते हैं। उनके यहाँ मुकेश सोनोने नामक व्यक्ति पिछले डेढ़ दशक से काम कर रहा था। लंबे समय तक जुड़े रहने के कारण क्षेत्र के ग्राहकों का उस पर अटूट भरोसा था। इसी का फायदा उठाते हुए मुकेश घर-घर गया और लोगों से कहा कि उनके सिलेंडर भरने का नंबर आ गया है। झांसे में आकर करीब 30 परिवारों ने अपने खाली सिलेंडर उसे सौंप दिए।
Indore ऐसे खुला राज: जब खाली हाथ लौटे परेशान ग्राहक
धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब कई दिनों तक सिलेंडर वापस नहीं मिलने पर ग्राहकों ने सीधे गैस एजेंसी से संपर्क किया। संचालक संतोष मिश्रा ने जब रिकॉर्ड खंगाला, तो पता चला कि न तो सिलेंडर जमा हुए हैं और न ही कर्मचारी का कोई सुराग मिल रहा है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने इन सभी 30 सिलेंडरों को ऊंचे दामों पर ब्लैक मार्केट में बेच दिया और फिर शहर छोड़ दिया।
Indore पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश तेज
पीड़ित संचालक की शिकायत पर बाणगंगा पुलिस ने आरोपी मुकेश सोनोने के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि उसने ये सिलेंडर कहाँ बेचे हैं और इस खेल में उसके साथ कोई और भी शामिल था या नहीं।
Read this: Sasaram में मछली के मामूली विवाद में खूनी खेल: युवक की गोली मारकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार





