प्रशासन की लापरवाही से दहशत का माहौल
त्योहारों से पहले महराजगंज जिले के भारत-नेपाल बॉर्डर स्थित सोनौली कस्बे में प्रशासन की लापरवाही खुलकर सामने आ रही है। सुरक्षा और प्रतिबंध के तमाम दावों के बावजूद बिना लाइसेंस के पटाखों की खुलेआम बिक्री जारी है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि भारत-नेपाल सीमा के मुख्य गेट से महज 20 कदम की दूरी पर अवैध रूप से पटाखों का कारोबार किया जा रहा है। यही नहीं, सोनौली के बीचों-बीच भीड़भाड़ वाले बाजार में भी बम और पटाखे बेचे जा रहे हैं। इससे इलाके के कपड़ा व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
स्थानीय दुकानों पर फायर सेफ्टी के कोई इंतजाम नहीं हैं, यहां तक कि फायर एक्सटिंग्विशर तक नहीं लगाए गए हैं। इससे त्योहारों के दौरान किसी बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई है।
लोगों का कहना है कि प्रशासन हर साल अवैध पटाखों पर रोक लगाने के दावे तो करता है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है। इस बार भी अधिकारी सिर्फ कागज़ी कार्रवाई तक सीमित हैं, जबकि दुकानदार खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
स्थानीय व्यापारियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द अवैध पटाखा बिक्री पर रोक लगाई जाए और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से इन दुकानों को हटाया जाए, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।





