BY: Yoganand Shrivastva
असम: के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने एक बार फिर कांग्रेस और राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह राज्य में घुसपैठियों को नई पहचान देने की कोशिश कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा,
“अगर कांग्रेस को इन घुसपैठियों से इतना ही लगाव है, तो इन्हें राहुल गांधी के घर भेज देना चाहिए, क्योंकि हमारे घर में इनके लिए कोई जगह नहीं है।”
शर्मा का यह बयान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई के हालिया बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर घुसपैठियों को “नए असमिया” कहकर संबोधित किया था।
“असम में पहले ही संसाधनों की कमी”
शर्मा ने कहा कि राज्य में मूल असमिया लोगों के लिए ही पर्याप्त संसाधन नहीं हैं, ऐसे में नए लोगों को समायोजित करना संभव नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया,
- न जमीन है
- न घर है
- न पर्याप्त सुविधाएं
“जब हम अपने ही लोगों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं दे पा रहे, तो इन कथित नए असमियों को कैसे समायोजित कर सकते हैं?”
बेदखली अभियान पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी जमीनों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए चल रहा बेदखली अभियान किसी भी हाल में रुकेगा नहीं। उन्होंने ऐलान किया कि
“अगले साल विधानसभा चुनाव के बाद भी अगर भाजपा सत्ता में लौटती है, तो बेदखली अभियान जारी रहेगा।”
बोडो लोक नृत्य ‘बागुरुम्बा’ पर खास कार्यक्रम
राजनीतिक बयानबाजी के बीच मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक पहल की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि नवंबर में 10,000 से अधिक कलाकार बोडो लोक नृत्य बागुरुम्बा का भव्य प्रदर्शन करेंगे। यह आयोजन बिहू और झुमुइर की तरह राज्य की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर ले जाने का प्रयास होगा।