गुुरुवार सुबह तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जब फिंगेश्वर-कुंडेल मार्ग पर बाबा कूपी के पास एक मेटाडोर अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर अंदर ही फंस गया।
ड्राइवर को जेसीबी की मदद से निकाला गया बाहर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंची फिंगेश्वर पुलिस और ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की मदद से मेटाडोर के अंदर फंसे चालक को बाहर निकाला। घायल चालक की पहचान मुकेश निषाद के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में रायपुर रेफर कर दिया गया है।
धान लोडिंग के लिए जा रहा था कुंडेल
बताया जा रहा है कि मेटाडोर धान लोडिंग के लिए कुंडेल की ओर जा रही थी। तभी तेज रफ्तार और संभवतः चालक के नियंत्रण खोने के कारण वाहन सीधे पेड़ से टकरा गया। दुर्घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जांच में जुटी फिंगेश्वर पुलिस
फिंगेश्वर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। वाहन को क्रेन से हटाया गया है और सड़क को साफ किया गया है। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।





