BY: Yoganand Shrivastva
ग्वालियर: शादियों का मौसम पूरी रफ्तार पर है। सहालग शुरू होते ही शहर में आने-जाने वालों की संख्या तेजी से बढ़ गई है। इसका सीधा असर यातायात और सार्वजनिक परिवहन पर देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर इतनी भीड़ उमड़ी कि प्लेटफॉर्म पर खड़े होने तक की जगह कम पड़ गई।
शादियों के कारण बढ़ी आवाजाही
शहर में इन दिनों लगातार विवाह समारोह और पारिवारिक कार्यक्रम हो रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग इन आयोजनों में शामिल होने ग्वालियर पहुंच रहे हैं, जबकि कई परिवार बाहर यात्रा कर रहे हैं। रेल यात्रा आसान और सुलभ होने के चलते स्टेशन पर भीड़ लगातार बनी हुई है।
निर्माण कार्य से यात्रियों की दिक्कतें बढ़ीं
ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर पुनर्निर्माण का काम तेजी से जारी है। स्टेशन का बड़ा हिस्सा कार्य क्षेत्र में आने से बैठने की पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है। चल रहे काम के कारण प्लेटफॉर्म पर गंदगी और अव्यवस्था की स्थिति भी बन रही है। यात्रियों को मजबूरन लंबे समय तक खड़े रहकर ही ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है।
शहर में ट्रैफिक का दबाव बढ़ा
सहालग के सीजन ने सड़कों पर भीड़ बढ़ा दी है। खासकर शाम के समय ग्वालियर की प्रमुख सड़कों पर जाम आम हो गया है। वाहनों की रफ्तार धीमी होने से लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना कर रहे हैं। बढ़ते यातायात बोझ से ट्रैफिक पुलिस की चुनौती भी बढ़ गई है।





