रिपोर्टर: रूपेश कुमार दास
हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड अंतर्गत पिपरवाडीह गांव में बीते 72 घंटे से लापता युवक दिनेश प्रजापति का शव कूमरडीह गांव स्थित एक कुएं से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया है और विश्रामपुर गांव को पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
कुएं से आई दुर्गंध, शव मिलने से मचा हड़कंप
गुरुवार को कूमरडीह गांव के एक पुराने कुएं से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। जब लोगों ने कुएं के पास जाकर देखा तो वहां मरी हुई मछलियों के बीच दिनेश प्रजापति का शव तैरता मिला। शव की पहचान होते ही गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों ने घटनास्थल पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया।
गुस्साई भीड़ ने किया आरोपी के घर पर हमला
दिनेश की मौत की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने कथित आरोपी के घर पर हमला कर दिया और आगजनी की। इस दौरान घर में मौजूद दो युवक भाग निकले, लेकिन भीड़ ने कथित आरोपी के पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस और प्रशासन हाई अलर्ट पर
घटना के बाद दमकल विभाग ने आग बुझाई और प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए विश्रामपुर क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखा। इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। स्थिति पर प्रशासन की कड़ी निगरानी बनी हुई है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
मामला आपसी लेन-देन से जुड़ा
सूत्रों के अनुसार, दिनेश प्रजापति की हत्या के पीछे आपसी लेन-देन का विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की तलाश की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।





