Evening OPD : मरीजों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मेडिसिन विभाग से होगी नई व्यवस्था की शुरुआत
Evening OPD : सवाई मानसिंह अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या और बेहतर क्राउड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए जल्द ही ईवनिंग ओपीडी सेवा शुरू की जाएगी। पहले चरण में यह सुविधा मेडिसिन विभाग में लागू होगी, जहां मरीज शाम 5 बजे से 7 बजे तक परामर्श ले सकेंगे। इस दौरान वरिष्ठ चिकित्सकों सहित पर्याप्त मेडिकल स्टाफ की भी उपलब्धता रहेगी।

Evening OPD : चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने गुरुवार को अस्पताल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसएमएस अस्पताल देश के बड़े और प्रतिष्ठित अस्पतालों में शामिल है, इसलिए यहां मरीजों की संख्या अधिक होना स्वाभाविक है। ऐसे में यह जरूरी है कि मरीजों को इलाज के लिए लंबी कतारों और इंतजार का सामना न करना पड़े।
Evening OPD : दवा काउंटर और सैंपल कलेक्शन स्टाफ बढ़ाने के निर्देश, प्रमुख शासन सचिव ने किया निरीक्षण
Evening OPD : निरीक्षण के दौरान उन्होंने धन्वंतरि ओपीडी में कार्डियोलॉजी, मेडिसिन और आर्थोपेडिक्स विभाग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विभागों में मरीजों का दबाव ज्यादा है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर ईवनिंग ओपीडी शुरू की जाए। यदि यह व्यवस्था सफल रहती है तो अन्य विभागों में भी इसे लागू किया जाएगा।
Evening OPD : प्रमुख शासन सचिव ने दवा वितरण केंद्रों का निरीक्षण करते हुए तत्काल चार से पांच नए काउंटर शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और जरूरत पड़ने पर नियमानुसार खरीद की व्यवस्था करने को कहा। ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर में भी मानव संसाधन बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि मरीजों को ज्यादा इंतजार न करना पड़े।उन्होंने अस्पताल में गर्मी और हीटवेव को देखते हुए पेयजल, छायादार स्थान और कूलिंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर फीडबैक भी लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

