by: vijay nandan
वॉशिंगटन : टेस्ला के सीईओ इलॉन मस्क के लिए कंपनी के शेयरधारकों ने इतिहास का सबसे बड़ा वेतन पैकेज मंजूर किया है। लगभग 1 ट्रिलियन डॉलर (करीब ₹83 लाख करोड़) मूल्य का यह पैकेज उन्हें अगले दस वर्षों में चरणबद्ध तरीके से मिलेगा। इस निर्णय के ऐलान के बाद मस्क ने मंच पर पहुंचकर अपने रोबोट ‘ऑप्टिमस’ के साथ डांस किया और कहा कि यह टेस्ला का नया चैप्टर नहीं, बल्कि पूरी नई किताब की शुरुआत है।
सबसे बड़ा पे पैकेज, बना सकता है दुनिया का पहला ट्रिलियनेयर
वोटिंग में 75% से अधिक शेयरधारकों ने पैकेज के पक्ष में वोट किया, जिसमें मस्क के खुद के 15% शेयर शामिल नहीं थे। यह डील उनके 2018 वाले 56 बिलियन डॉलर पैकेज से लगभग 16 गुना बड़ी है। अगर मस्क तय मानदंडों को पूरा करते हैं, तो वह दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बन सकते हैं। मस्क ने शेयरहोल्डर्स मीटिंग में कहा कि टेस्ला का फोकस अब इलेक्ट्रिक कारों से आगे बढ़कर रोबोटिक्स और ऑटोनॉमस सिस्टम्स पर है। उनका कहना था ऑप्टिमस सबसे बड़ा प्रोडक्ट बनेगा, स्मार्टफोन से भी बड़ा। आने वाले समय में हर इंसान के पास अपना पर्सनल रोबोट होगा।
ELON MUSK: "Optimus will actually eliminate poverty. Optimus will actually give people incredible medical care. Optimus will ultimately be better than the best human surgeon with a level of precision that that isn't possible, that is beyond human." pic.twitter.com/iiifu71q2F
— DogeDesigner (@cb_doge) November 6, 2025
‘ऑप्टिमस’ एक ह्यूमनॉइड रोबोट है जो फैक्ट्री वर्क, घरेलू कार्यों और उन नौकरियों के लिए डिज़ाइन किया गया है जिन्हें इंसान करने से कतराते हैं। इसे डांस और मार्शल आर्ट्स की भी ट्रेनिंग दी जा रही है।

मस्क का दावा: रोबोट्स मिटाएंगे गरीबी
मस्क ने हाल ही में कहा था कि टेस्ला के रोबोट्स समाज से गरीबी खत्म करने में मदद करेंगे। उनके अनुसार, “ऑटोमेशन इंसानों को शारीरिक मेहनत से आज़ाद करेगा और समाज को अधिक क्रिएटिव, हाई-वैल्यू कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर देगा। उन्होंने यहां तक कहा कि भविष्य में एक दिन ‘ऑप्टिमस’ सर्जन की तरह काम करने में सक्षम होगा।
होल्डिंग बढ़कर 29% तक जा सकती है
मस्क की कंपनी में मौजूदा हिस्सेदारी लगभग 15% है। नया पैकेज उन्हें 29% तक की होल्डिंग तक पहुंचा सकता है।
2018 में मिले 56 बिलियन डॉलर के शेयर्स पर कोर्ट ने रोक लगा दी थी, लेकिन टेस्ला अब उस फैसले के खिलाफ अपील कर रही है।

EVs से आगे, अब ‘रोबोटैक्सी’ और ह्यूमनॉइड्स पर ध्यान
टेस्ला अब केवल इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की कंपनी नहीं रही। मस्क का कहना है कि कंपनी अब रोबोटैक्सी, सेल्फ-ड्राइविंग कार्स और ह्यूमनॉइड रोबोट्स को भविष्य का मुख्य बिजनेस बना रही है।





