देवास: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान की बारात का देवास में राजसी अंदाज में भव्य स्वागत किया गया। बारात भोपाल से इंदौर होते हुए फ्लाइट से जोधपुर के लिए रवाना होने वाली थी, लेकिन इस दौरान देवास राजपरिवार ने अपने निवास स्थान आनंद भवन पैलेस में आत्मीय स्वागत किया।
देवास राजपरिवार ने किया भव्य स्वागत
जैसे ही कार्तिकेय चौहान की बारात देवास के आनंद भवन पैलेस पहुंची, देवास की विधायक गायत्री राजे पवार और उनके पुत्र विक्रम सिंह पवार ने पूरे राजसी अंदाज में भव्य स्वागत किया। पुष्प वर्षा, आतिशबाजी और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बारात का अभिनंदन किया गया। इसके बाद, माता तुलजा भवानी और चामुंडा माता की चुनरी शिवराज सिंह चौहान, उनके बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान, उनकी पत्नी साधना सिंह, उनके छोटे बेटे कुणाल चौहान और उनकी पत्नी को ओढ़ाई गई।
इसके अलावा, देवास राजपरिवार की ओर से माता तुलजा भवानी और चामुंडा माता का चित्र भेंट स्वरूप प्रदान किया गया। इस मौके पर एक भव्य भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
शिवराज सिंह चौहान और देवास राजपरिवार के गहरे संबंध
देवास की विधायक गायत्री राजे पवार ने कहा कि देवास राजपरिवार और शिवराज सिंह चौहान के बीच पुराने आत्मीय संबंध रहे हैं। उनके स्वर्गीय पति, पूर्व मंत्री तुकोजीराव पवार और शिवराज सिंह चौहान ने अपने छात्र जीवन से ही राजनीति के क्षेत्र में एक साथ कार्य किया है। यही कारण है कि कार्तिकेय चौहान की बारात देवास पहुंची और राजपरिवार की ओर से विशेष स्वागत किया गया।





