BY: MOHIT JAIN
छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटे कई बड़ी घटनाओं से भरे रहे। कोंडागांव में करंट लगने से 3 कबड्डी खिलाड़ियों की मौत हो गई, वहीं शारदीय नवरात्रि की तैयारियों को लेकर मंदिरों और प्रशासन ने खास इंतज़ाम किए हैं। दूसरी ओर, रायगढ़ और दुर्ग से अपराध और आस्था से जुड़ी घटनाएं सामने आईं। आइए जानते हैं छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें—
1. कोंडागांव में करंट से 3 खिलाड़ियों की मौत
आंधी-तूफान के दौरान कबड्डी प्रतियोगिता में लगा टेंट उड़कर हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। करंट की चपेट में आने से 3 खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि 2 की हालत गंभीर है।
2. नवरात्र पर बम्लेश्वरी मंदिर में नई व्यवस्था
डोंगरगढ़ के बम्लेश्वरी मंदिर में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जिगजैग व्यवस्था की गई है। सुरक्षा कारणों से कई माता मंदिरों में घी के दीपक नहीं जलाए जाएंगे। नवरात्र के दौरान 10 एक्सप्रेस ट्रेनें डोंगरगढ़ में रुकेंगी।
3. 10 जिलों में आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग ने 10 जिलों में अंधड़ और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। गरियाबंद में आंधी-तूफान से अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मी तक जान बचाकर भागते नजर आए।
4. रायपुर में 5 हजार युवाओं की मैराथन
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत रायपुर में नमो युवा मैराथन का आयोजन हुआ। इसमें करीब 5 हजार युवाओं ने हिस्सा लेकर समाज को जागरूक करने का संदेश दिया।
5. रायगढ़ में 4 हजार ज्योत प्रज्वलन
रायगढ़ के बंजारी मंदिर में 4 हजार ज्योत प्रज्वलित की जाएंगी। वहीं बूढ़ी माई मंदिर में 1800 मनोकामना ज्योत जगमगाएंगी। सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहेगा।
6. दंतेवाड़ा में ट्रैफिक चुनौती
फ्लड में बायपास पुल टूटने से दंतेवाड़ा में ट्रैफिक को शहर के बीच से डायवर्ट किया गया है। नवरात्र में यहां ट्रैफिक कंट्रोल करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगा।
7. दुर्ग में 12 करोड़ की ठगी
दुर्ग में 2 फर्जी कंपनियां बनाकर 40% मुनाफे का लालच देकर लोगों से 12 करोड़ की ठगी की गई। आरोपी ने पत्नी को डायरेक्टर बनाया और कंसल्टेंट को कमीशन पर रखा।
8. रायगढ़ में नाबालिग से रेप
रायगढ़ में सौतेले पिता ने नाबालिग बेटी से रेप किया। आरोपी ने मां को मारने की धमकी देकर पीड़िता को चुप कराया। कोर्ट ने दोषी को 20 साल की सजा सुनाई है।
9. रायपुर रेलवे ट्रैक पर युवक की लाश
रायपुर में रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिला। ट्रेन की चपेट में आने से शरीर दो हिस्सों में बंट गया। पुलिस मौत के कारण की जांच कर रही है।
10. ऑनलाइन फ्रॉड – ठेकेदार से 25 लाख की ठगी
“मैं पूजा बोल रही हूं” कहकर ठगों ने ठेकेदार से 25 लाख रुपए ऐंठ लिए। आरोपी ने फेसबुक पर लड़की बनकर फंसाया और पैसे जुए में उड़ा दिए।





