CG: जानें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें..
1. बिलासपुर-रतनपुर हाईवे पर पुल टूटा, चलती बस बीच में फंसी
बिलासपुर-रतनपुर हाईवे पर एक पुल बीच से टूट जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया। पुल टूटने के दौरान एक यात्री बस बीच में फंस गई, हालांकि बस नदी में गिरने से बच गई। घटना के बाद अमरकंटक-जबलपुर मार्ग को बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए वैकल्पिक डायवर्जन रूट जारी किया है।
2. दो दिन बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक कई जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। लगातार बारिश के कारण बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर स्थित एक पुल क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अब तक औसतन 5 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
3. पूर्व मंत्री ने आबकारी अफसर को कहा ‘बेवकूफ’
कोरबा में शराब दुकान खोलने के विरोध के दौरान पूर्व मंत्री और आबकारी विभाग के अधिकारियों के बीच तीखी बहस देखने को मिली। पूर्व मंत्री ने आबकारी अधिकारी को ‘बेवकूफ’ कहते हुए कहा कि विधायक का भाई होने से कोई बड़ा नहीं हो जाता। उन्होंने साफ कहा कि गांव में किसी भी कीमत पर शराब दुकान नहीं खुलने दी जाएगी।
4. रिलायंस ज्वेल्स से 17.50 लाख के सोने के कंगन गायब
रायपुर स्थित रिलायंस ज्वेल्स शोरूम से करीब 17.50 लाख रुपये कीमत के सोने के कंगन गायब होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पूर्व कर्मचारी ने असली कंगनों की जगह नकली कंगन रख दिए। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
5. फ्रेंडशिप डे पर घूमने निकले दो दोस्तों की मौत
बालोद जिले में फ्रेंडशिप डे पर घूमने निकले युवकों की बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद बाइक करीब 200 मीटर तक घिसटती रही और उसमें आग लग गई।
6. छात्रा को ब्लैकमेल कर 14.50 लाख और जेवर हड़पे
बिलासपुर में एक छात्रा को ब्लैकमेल कर उससे 14.50 लाख रुपये और जेवर वसूलने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने दोस्ती के बाद परिवार को जान से मारने की धमकी देकर रकम ऐंठी। पुलिस ने ASI के बेटे समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
7. भारतमाला मुआवजा घोटाले में ED का बड़ा एक्शन
रायपुर में भारतमाला परियोजना से जुड़े मुआवजा घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने करीब 12.78 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की है। जांच में सामने आया कि जमीन की डीड और गिफ्ट के जरिए परिवार के सदस्यों के नाम संपत्ति ट्रांसफर की गई थी।
8. दुर्ग में जुआ-सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
दुर्ग पुलिस ने जुआ और ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ लगातार अभियान चलाते हुए सात महीनों में 477 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 20 मामलों में करीब 1.65 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस ऑनलाइन सट्टा गिरोहों की तकनीकी जांच भी तेज कर रही है।
9. किसान ने करेले के पौधे से बनाई जैविक खाद
अंबिकापुर के सोनहत कुसहा गांव के किसान उमेश ने एकीकृत कृषि प्रणाली (आईएफएस) अपनाकर जैविक खेती की मिसाल पेश की है। वे करेले के पौधों से तैयार खाद का उपयोग कर मक्का, विभिन्न सब्जियों और फूलों की 100 प्रतिशत जैविक खेती कर रहे हैं।
10. मनरेगा में अनियमितताओं का मामला
रायपुर में मनरेगा के तहत खरीद प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिना टेंडर चहेती फर्मों से खरीद की गई और कई कार्यालयों में सामान पहुंचे बिना ही भुगतान कर दिया गया। मामले की जांच जारी है।



