Report: Sanjeev kumar
Bokaro जिले के फुसरो बाजार स्थित एक प्रतिष्ठित आभूषण दुकान में हुई चोरी के मामले को सुलझाते हुए बोकारो पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य सदस्य निसार अली उर्फ काला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में चोरी के आभूषण भी बरामद किए हैं। एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि यह गिरोह न केवल झारखंड बल्कि अन्य राज्यों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम देता रहा है।
Bokaro 29 मार्च की वारदात: बातों में उलझाकर उड़ाए थे 15 लाख के गहने
यह पूरा मामला 29 मार्च 2026 का है, जब पेटरवार थाना क्षेत्र के निवासी राजेंद्र प्रसाद दास की फुसरो बाजार स्थित दुकान को निशाना बनाया गया था। शातिर चोरों ने दुकानदार को अपनी बातों में उलझाया और चकमा देकर करीब 15 लाख रुपये के जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गए थे। घटना के बाद बेरमो थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पता चला कि चंद्रपुरा क्षेत्र में भी ऐसी ही कार्यशैली (Modus Operandi) से चोरी की गई थी।
Bokaro टेक्निकल सर्विलांस और उड़ीसा में छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर बेरमो और चंद्रपुरा पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, कॉल डंप का विश्लेषण किया और तकनीकी इनपुट के आधार पर उड़ीसा में छापेमारी की। वहां से पुलिस ने निसार अली उर्फ काला को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर दुकानदारों का ध्यान भटकाकर कीमती गहनों पर हाथ साफ करता था।
Bokaro 8 लाख की रिकवरी और आरोपी का आपराधिक इतिहास
Bokaro पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए गहनों का एक बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया है। बरामद किए गए सामान का विवरण इस प्रकार है:
- सोने की चेन: 04 पीस (वजन: 29.78 ग्राम)
- ईयर रिंग: 30 पीस (वजन: लगभग 35 ग्राम)
- कुल बरामदगी: लगभग 65 ग्राम सोना, जिसकी बाजार में कीमत करीब 8 लाख रुपये है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी एक पेशेवर अपराधी है और उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और आरोपी के मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।





