REPORT- SANDEEP LAMBA
BY- ISA AHMAD
हरियाणा सरकार ने राजस्व विभाग में बड़ा बदलाव करते हुए चार नए पोर्टल लॉन्च किए हैं। इन पोर्टलों के माध्यम से अब राजस्व विभाग से जुड़े कार्य डिजिटल और पेपरलेस तरीके से होंगे। इसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा और विभाग में फैले भ्रष्टाचार पर भी रोक लगेगी।
सेक्टर-12 लघु सचिवालय में हुई बैठक
फरीदाबाद के सेक्टर-12 लघु सचिवालय में इस संबंध में एक अहम बैठक आयोजित की गई। इसमें अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए पृथला से पूर्व विधायक एवं भाजपा वरिष्ठ नेता टेकचंद शर्मा ने बताया कि हरियाणा सरकार की यह पहल आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम
टेकचंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। तहसीलों के अंदर पहले जहां भ्रष्टाचार की शिकायतें आती थीं, अब डिजिटल पोर्टलों के माध्यम से यह पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा लॉन्च किए गए इन चार पोर्टलों से जनता को तेजी और पारदर्शिता के साथ सेवाएं मिलेंगी।
बैठक में शामिल रहे जनप्रतिनिधि और अधिकारी
इस मौके पर बड़खल विधानसभा से विधायक धनेश अदलखा, फरीदाबाद डीसी विक्रम सिंह यादव सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने इस डिजिटल पहल की सराहना की और इसे प्रशासनिक पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम बताया।





