बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से सिस्टम की लापरवाही का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां वाड्रफनगर विकासखंड के धौरपुर गांव में एक महिला के शव को ग्रामीणों ने खाट के सहारे नदी पार कराया।
शव वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाया
धौरपुर गांव तक न तो सड़क है और न ही पुल। इसी वजह से शव वाहन गांव में नहीं पहुंच पाया। मजबूरी में ग्रामीणों ने महिला के शव को खाट पर लिटाकर करीब 4 किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया।
सिस्टम की पोल खोलता मामला
ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से वे सड़क और पुल की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या जस की तस बनी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर विकास के दावों के बावजूद गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं से क्यों वंचित हैं?
ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। उनका कहना है कि अगर समय पर सड़क और पुल का निर्माण हुआ होता तो ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।





