गुजरात के अहमदाबाद में एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। 19 अगस्त को मणिनगर पूर्व स्थित सेवंथ डे एडवांटीज चर्च स्कूल में कक्षा 8 के छात्र ने बहस के बाद कक्षा 10 के छात्र को चाकू मार दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और सिंधी समाज के सदस्यों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने स्कूल में जमकर तोड़फोड़ की।
गुस्साई भीड़ ने स्कूल में की तोड़फोड़
छात्र की मौत की खबर फैलते ही सैकड़ों लोग स्कूल परिसर में घुस गए।
- भीड़ ने बसों, कारों और दोपहिया वाहनों को नुकसान पहुंचाया।
- प्रिंसिपल और अन्य कर्मचारियों पर हमला किया गया।
- स्कूल के दरवाजे और खिड़कियां तोड़ दी गईं।
स्थिति इतनी हिंसक हो गई कि भीड़ ने एक कर्मचारी को पकड़कर खींच लिया और पुलिस की मौजूदगी में भी मारपीट जारी रखी। यहां तक कि भीड़ ने पुलिस वाहन को पलटने की कोशिश भी की।
पुलिस और भीड़ में भिड़ंत
घटना के बाद माहौल बिगड़ने लगा तो भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। हालांकि भीड़ ने सड़क जाम कर दी और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
2000 से ज्यादा लोग जमा
- मौके पर मणिनगर के स्थानीय विधायक, डीसीपी बलदेव देसाई और एसीपी पहुंचे।
- बजरंग दल, विहिप और एबीवीपी के सदस्य भी ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाते हुए स्कूल के बाहर पहुंचे।
- देखते ही देखते करीब 2000 लोग स्कूल के बाहर जमा हो गए और हंगामा करने लगे।
पुलिस ने बड़ी मुश्किल से स्थिति को काबू में किया। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि कोई अप्रिय घटना दोबारा न हो।





