Report: Farhan khan
Agra Subhash Bazar Shop Collapse ताजनगरी आगरा के थाना मंटोला क्षेत्र के व्यस्ततम सुभाष बाजार में बुधवार दोपहर तेज बारिश के दौरान एक बड़ा और दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। जामा मस्जिद के पास स्थित एक कपड़ा दुकान का जर्जर लिंटर अचानक भरभराकर ढह गया, जिससे पूरी की पूरी दो मंजिला इमारत नीचे बह रहे गहरे नाले में समा गई। इस मलबे में दुकान पर मौजूद व्यापारी, कर्मचारी और खरीदारी करने आईं लखनऊ में तैनात एक महिला सिपाही समेत कई लोग दब गए। स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से पांच घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेजा गया है, लेकिन एक बुजुर्ग महिला का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
Agra Subhash Bazar Shop Collapse खरीदारी के दौरान नाले में समाई जिंदगी, महिला सिपाही और मासूम बेटी बचीं; बुजुर्ग मां लापता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय दुकान में व्यापारी, उनका पौत्र, एक कर्मचारी और लखनऊ में तैनात महिला आरक्षी (सिपाही) अनीता, उनकी डेढ़ वर्षीय मासूम बेटी अनन्या और मां गंगा देवी मौजूद थीं। लिंटर गिरते ही चीख-पुकार मच गई और पूरी दुकान नाले में जा गिरी। राहगीरों और साथी व्यापारियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर मलबे से महिला सिपाही, उनकी बेटी और व्यापारी समेत पांच लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया। हालांकि, सिपाही की मां गंगा देवी (65 वर्ष) का 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है।
Agra Subhash Bazar Shop Collapse एसडीआरएफ (SDRF) और दमकल का महा-रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, नाले के तेज बहाव से बढ़ी मुश्किलें
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर तुरंत राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), दमकल विभाग और नगर निगम की टीमें क्रेन व पोकलेन मशीनों के साथ पहुंचीं। मलबे को हटाने और नाले के गहरे व तेज बहाव वाले पानी में लापता बुजुर्ग महिला गंगा देवी की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। नाले में पानी का स्तर और सिल्ट (कीचड़) ज्यादा होने के कारण राहत दल को मलबे के नीचे तलाशी अभियान चलाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
Agra Subhash Bazar Shop Collapse ‘पहले दी थी जर्जर इमारतों की सूचना’— बाजार समिति ने नगर निगम की लापरवाही को ठहराया जिम्मेदार
इस भीषण हादसे के बाद सुभाष बाजार समिति के अध्यक्ष और महामंत्री सहित स्थानीय व्यापारियों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। व्यापारियों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बाजार की इन जर्जर इमारतों और सड़कों पर आई गहरी दरारों के संबंध में नगर निगम प्रशासन को बहुत पहले ही लिखित व मौखिक शिकायतें दी जा चुकी थीं। व्यापारियों का सीधा आरोप है कि यदि नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते इन शिकायतों को गंभीरता से लिया होता और जर्जर ढांचे को दुरुस्त कराया होता, तो आज यह दर्दनाक हादसा नहीं होता। जनता अब दोषी अफसरों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रही है।





