रिपोर्ट – फरहान खान
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत, जीआरएमजी अधिनियम को बताया विकास का आधार
Agra आगरा दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने जी राम जी (जीआरएमजी) अधिनियम को गांवों में विकास की नई तस्वीर करार दिया। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और विकास को मजबूती देगा तथा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाएगा।

पूर्व सरकारों और मनरेगा पर उठाए सवाल
Agra डिप्टी सीएम ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 365 दिन काम देने के दावे किए गए, लेकिन श्रमिकों को 100 दिन का भी रोजगार नहीं मिल पाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा के नाम पर भ्रष्टाचार के रास्ते बनाए गए और करीब 10 लाख करोड़ रुपये खर्च हुए। जीआरएमजी योजना में अब 5 साल की जगह 3 साल के लिए कार्ड बनाए जाएंगे और हर तीन साल में उसका नवीनीकरण अनिवार्य होगा।

इंदौर मामले और बंगाल की राजनीति पर बयान
Agra इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के सवाल पर डिप्टी सीएम सवालों से बचते नजर आए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से जुड़े मुद्दों पर बात की जाए, जबकि इंदौर मामले में संबंधित राज्य में कार्रवाई हो रही है। वहीं पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर उन्होंने कहा कि वहां टीएमसी जा रही है और भाजपा आ रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी जांच एजेंसी के काम में हस्तक्षेप करना किसी मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता।
अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला
Agra केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव के कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने पर पलटवार करते हुए कहा कि बिहार चुनाव हारने के बाद अखिलेश बौखला गए हैं। लोकसभा चुनाव में कुछ सीटें मिलने से वह सरकार बनाने के मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवारवाद, माफिया और गुंडों को बढ़ावा देना अखिलेश यादव का एकमात्र एजेंडा रहा है। साथ ही दावा किया कि समाजवादी पार्टी में नेताओं का अकाल है और कई सपा विधायक भाजपा में आने के लिए इच्छुक हैं।





