BY: Yoganand Shrivastva
कौशांबी (यूपी): उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। भैंसहापर गांव की 15 वर्षीय रिया मौर्य को एक ही सांप ने पिछले एक महीने में छह बार काटा है। यह मामला पूरे गांव में दहशत का कारण बन गया है।
रिया के पिता राजेंद्र मौर्य ने बताया कि पहली घटना 22 जुलाई 2025 को हुई थी, जब रिया खेत की ओर जा रही थी। सांप के डसने के बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद वह ठीक हो गई। हालांकि, कुछ ही दिनों में यह डरावना सिलसिला फिर शुरू हो गया।
चार दिन में चार बार हमला
परिजनों के मुताबिक, दूसरी बार 13 अगस्त को सांप ने रिया को काटा। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर किया, लेकिन परिवार ने निजी अस्पताल में इलाज कराया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि 27 अगस्त से 30 अगस्त के बीच सांप ने चार बार हमला किया—कभी नहाते समय, तो कभी घर के काम के दौरान। इलाज में परिवार की पूरी जमा-पूंजी खत्म हो गई, जिसके बाद वे अब झाड़-फूंक का सहारा लेने को मजबूर हैं।
रिया का कहना है कि सांप बड़ा है, काले रंग का है और उसकी पीठ पर हरी धारियां हैं। काटने के करीब एक घंटे बाद वह बेहोश हो जाती है। कभी होश अस्पताल में आता है तो कभी झाड़-फूंक करवाने वाले तांत्रिक के पास। डर के कारण उसके छोटे भाई-बहन ननिहाल चले गए हैं और परिवार अब गांव छोड़ने की सोच रहा है।
डॉक्टरों ने भी जताई हैरानी
सिराथू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मेडिकल ऑफिसर अखिलेश सिंह ने पुष्टि की कि रिया को तीन बार अस्पताल लाया गया और हर बार उसके पैरों पर सांप के काटने के निशान मिले। उसे एंटी-वेनम दिया गया और दो बार जिला अस्पताल रेफर भी किया गया।
डॉक्टरों का कहना है कि बार-बार एक ही बच्ची को सांप का डसना बेहद असामान्य है।
गांव में बढ़ा डर, प्रशासन पर सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद न तो वन विभाग ने सांप पकड़ने की कोशिश की और न ही प्रशासन ने कोई मदद की। इस घटना के बाद गांव में भय का माहौल है और परिवार लगातार मदद की गुहार लगा रहा है।





