उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में बद्रीनाथ हाईवे के पास एक टेम्पो ट्रैवलर गहरी खाई में गिर गई। ट्रैवलर में करीब 17 यात्री सवार थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है। SDRF और पुलिस की टीम बचाव कार्य में जुट गई है। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल ले जाया जा रहा है ताकि उचित इलाज मिल सके।
इस भयानक हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर ट्वीट किया, “…घायलों को चिकित्सा के लिए निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों में भेज दिया गया है। जिला मजिस्ट्रेट को मामले की जांच करने के आदेश दिए गए हैं…”
धामी ने क्या लिखा?
धामी आगे लिखते हैं, जनपद रुद्रप्रयाग में टेम्पो ट्रैवलर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत पीड़ादायक समाचार प्राप्त हुआ। स्थानीय प्रशासन व SDRF की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई है। घायलों को नजदीकी चिकित्सा केंद्र पर उपचार हेतु भेज दिया गया है। जिलाधिकारी को घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
बाबा केदार से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।





