,

IPL 2025 अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, भारत-पाक तनाव के चलते बड़ा फैसला

BY: Yoganand Shrivastva

भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ते तनाव के मद्देनज़र इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। यह फैसला राष्ट्रीय सुरक्षा की चिंताओं को देखते हुए लिया गया है। आईपीएल का यह 18वां संस्करण 22 मार्च को शुरू हुआ था और अब तक 57 मुकाबले संपन्न हो चुके थे। हालांकि, 8 मई को धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाला मैच आधे में ही रोकना पड़ा और बाद में रद्द कर दिया गया।

BCCI ने की पुष्टि

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की है कि मौजूदा हालात में टूर्नामेंट को जारी रखना उचित नहीं है। उन्होंने कहा, “जब देश में सुरक्षा संकट हो, तब खेल गतिविधियों को रोकना ज़रूरी हो जाता है।” गौरतलब है कि IPL 2025 का फाइनल 25 मई को कोलकाता में प्रस्तावित था, लेकिन अब आयोजकों को शेष मैचों के लिए नया कार्यक्रम तैयार करना होगा।

विदेशी खिलाड़ियों की वापसी भी चुनौती

BCCI के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती है भारत में मौजूद विदेशी खिलाड़ियों को सुरक्षित रूप से उनके देशों तक पहुंचाना। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया समेत कई अन्य क्रिकेट बोर्ड भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर करीबी नजर रखे हुए हैं, क्योंकि दोनों देशों की लीगों में उनके खिलाड़ी और कोच शामिल हैं।

सुरक्षा कारणों से कई शहरों में ब्लैकआउट

जम्मू और पठानकोट में संभावित हवाई हमले की चेतावनी और विस्फोट जैसी आवाज़ों के बाद पंजाब के कई जिलों — पठानकोट, अमृतसर, जालंधर, मोहाली, होशियारपुर और चंडीगढ़ — में एहतियातन ब्लैकआउट लागू कर दिया गया है। धर्मशाला में गुरुवार को IPL मैच के दौरान सुरक्षा अलर्ट के चलते ही मुकाबला बीच में रोक दिया गया था।

पाकिस्तान सुपर लीग UAE स्थानांतरित

जहां भारत में IPL पर रोक लगी है, वहीं पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) को यूएई शिफ्ट कर दिया गया है। यह कदम भी सुरक्षा चिंताओं के मद्देनज़र उठाया गया है। हाल ही में भारत ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए थे, जिसमें दर्जनों आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि हुई थी।

MCB Ganja Smuggling: दो पिकअप वाहनों से 10 क्विंटल गांजा जब्त, 4 करोड़ की खेप के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

संवाददाता:अविनाश चंद्र MCB Ganja Smuggling में नागपुर हाईवे पुलिस की बड़ी कार्रवाई…