गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आज पेंड्रा पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय अंग्रेजी शराब दुकान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने शराब की दुकानों की व्यवस्था, ग्राहकों को मिलने वाली सुविधा और ब्रांड की उपलब्धता की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि शराब दुकान में “ला एंड ऑर्डर” की स्थिति बनी रहनी चाहिए और ग्राहकों को सही ब्रांड उपलब्ध होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दुकान का राजस्व बढ़े इसके लिए सभी लोकप्रिय ब्रांडों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
ग्राहकों की सुविधा पर जोर:
मंत्री जायसवाल ने दुकान में मौजूद लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानी। उन्होंने निर्देश दिए कि शराब लेने वालों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें निर्धारित मूल्य पर ही उत्पाद मिलें।
अस्पतालों का भी लिया जायजा:
इसके बाद मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पेंड्रा के अस्पतालों का भी निरीक्षण किया और दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयाँ उपलब्ध हैं और किसी तरह की कोई कमी नहीं है। मरीजों को हर जरूरी स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए विभाग पूरी तरह से सक्रिय है।
प्रभारी मंत्री का निरीक्षण दौरा स्थानीय प्रशासन के लिए एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिससे स्पष्ट होता है कि सरकार व्यवस्था में पारदर्शिता और सुधार को लेकर गंभीर है।





