रायगढ़ पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को भेजा जेल
रायगढ़ | भूपेंद्र रायगढ़
सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती एक युवती के लिए दर्दनाक धोखे का कारण बन गई। फेसबुक पर दोस्ती और फिर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुसौर पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देश पर थाना पुसौर की तत्पर कार्रवाई की चहुंओर सराहना हो रही है।
क्या है पूरा मामला?
28 वर्षीय पीड़िता ने थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई कि साल 2024 में उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से मीनकेतन पाव (27 वर्ष), निवासी जूटमिल थाना क्षेत्र से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और फोन पर बातचीत से यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। मीनकेतन ने युवती को शादी का भरोसा भी दिलाया।
युवती के अनुसार, 6 अप्रैल की शाम को उसके गांव बारात आई थी, जिसमें मीनकेतन भी शामिल हुआ। इसी दौरान उसने युवती से फोन पर संपर्क कर मिलने की बात कही और उसके घर पहुंच गया। वहां उसने युवती से शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से साफ इनकार कर दिया।
24 घंटे में हुई गिरफ्तारी
दुष्कर्म का शिकार बनी युवती ने अपने परिजनों के साथ थाना पुसौर पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी रामकिंकर यादव ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत FIR दर्ज की (अपराध क्रमांक 85/2025, धारा 69 बीएनएस) और एक विशेष टीम गठित कर आरोपी को हिरासत में लिया।
न्यायालय ने भेजा जेल
मेडिकल जांच और सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपी मीनकेतन पाव को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस तेज़ और सख्त कार्रवाई के लिए पुसौर पुलिस की चारों ओर प्रशंसा हो रही है।
यह मामला एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि सोशल मीडिया पर बढ़ती दोस्तियां, अगर सतर्कता से न निभाई जाएं, तो खतरनाक धोखे में बदल सकती हैं।





