Delimitation Bill नई दिल्ली/चैन्नई, संसद में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों को लेकर विपक्षी दलों के बीच रणनीतिक चर्चा तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत इंडी गठबंधन के प्रमुख नेता तमिलनाडु पहुंचे है, जहां उन्होंने डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात कर परिसीमन संबंधी संवैधानिक संशोधन विधेयकों के विरोध में समर्थन मांगा है।

चेन्नई में हुई इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी एकजुटता मजबूत करने की कोशिश की। राहुल गांधी का कहना है कि प्रस्तावित बदलाव देश के चुनावी ढांचे और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर असर डाल सकते हैं।
Congress President Shri @kharge, CPP Chairperson Smt. @SoniaGandhi ji and LoP Shri @RahulGandhi, along with other INDIA Bloc leaders, met former Tamil Nadu Chief Minister & DMK President Shri @mkstalin to seek his support in opposing the proposed Delimitation Bill.
— Congress (@INCIndia) November 29, 2026
📍 Chennai,… pic.twitter.com/7y2V5e0QZq
Delimitation Bill राहुल गांधी ने परिसीमन विधेयक को लेकर जताई चिंता
चेन्नई रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि विपक्षी गठबंधन के वरिष्ठ नेता एमके स्टालिन से मुलाकात कर उनसे परिसीमन से जुड़े संवैधानिक संशोधन विधेयकों का विरोध करने का आग्रह करेंगे।
राहुल गांधी ने प्रस्तावित सीटों की संख्या 850 तक बढ़ाने के प्रावधान पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इससे देश के चुनावी नक्शे को सत्तारूढ़ बीजेपी और आरएसएस के हितों के मुताबिक प्रभावित करने की संभावना पैदा हो सकती है।
उन्होंने स्टालिन को तमिलनाडु के हितों और संविधान की रक्षा के लिए मजबूत आवाज बताते हुए विपक्ष से एकजुट होकर विधेयक का विरोध करने की अपील की।
Delimitation Bill स्टालिन ने तमिलनाडु के हितों को बताया सर्वोपरि
एमके स्टालिन ने राहुल गांधी के संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में डीएमके की भूमिका को स्वीकार करने के लिए उनका आभार जताया। हालांकि, उन्होंने पार्टी के रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि तमिलनाडु और तमिल जनता के हित उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण हैं।
स्टालिन ने संकेत दिया कि राज्य के हितों से जुड़े मुद्दों पर डीएमके किसी तरह का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने अपने बयान में ऐतिहासिक व्यक्तित्व वीरपांड्य कट्टाबोम्मन का उल्लेख करते हुए कहा कि इतिहास उन्हें एक साहसी योद्धा के रूप में याद करे, न कि एटाप्पन के रूप में।
Delimitation Bill विपक्षी दलों की रणनीति पर नजर
परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों की यह सक्रियता संसद में संभावित राजनीतिक टकराव की ओर इशारा कर रही है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल इस मुद्दे पर समर्थन जुटाने में लगे हैं, वहीं डीएमके ने तमिलनाडु के हितों को केंद्र में रखकर अपना रुख सामने रखा है। अब संसद में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर विपक्ष की रणनीति और विभिन्न दलों के रुख पर राजनीतिक नजरें टिकी हैं।
परिसीमन का मुद्दा केवल लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के संघीय ढांचे, राज्यों के प्रतिनिधित्व और राजनीतिक संतुलन से भी जुड़ा है। राहुल गांधी का एमके स्टालिन से समर्थन मांगना विपक्षी एकजुटता की कोशिश है, वहीं स्टालिन का तमिलनाडु के हितों को सर्वोपरि बताना क्षेत्रीय राजनीति की अहमियत दर्शाता है।
सवाल यह है कि परिसीमन की प्रक्रिया में जनसंख्या के साथ राज्यों के विकास, जनसंख्या नियंत्रण और क्षेत्रीय संतुलन को भी पर्याप्त महत्व मिलेगा या नहीं? लोकतंत्र में प्रतिनिधित्व का विस्तार जरूरी है, लेकिन किसी राज्य को यह महसूस नहीं होना चाहिए कि उसकी राजनीतिक आवाज कमजोर की जा रही है। परिसीमन पर फैसला राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से नहीं, व्यापक सहमति, संवैधानिक मर्यादा और पारदर्शिता से होना चाहिए। आखिर लोकतंत्र की मजबूती सीटों के गणित से नहीं, जनता के विश्वास से तय होती है।
ये भी जानिए : Bangladesh Violence : बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा, अवामी लीग के युवा कार्यकर्ता की मौत; शेख हसीना की वापसी से पहले तनाव बढ़ा


