Chhattisgarh Politics : कांग्रेस ने खोला मोर्चा, बीजेपी ने किया पलटवार
रिपोर्ट- हिमांशु पटेल
Chhattisgarh Politics : रायपुर, संविधान दिवस के मौके पर राजधानी रायपुर में संविधान को लेकर सियासत गरमा गई। एक तरफ कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत संविधान रक्षा मार्च निकालकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा, तो दूसरी तरफ बीजेपी ने संविधान गौरव दिवस मनाकर संविधान के सम्मान और उसकी मूल भावना को लेकर अपना पक्ष रखा। कांग्रेस ने जहां लोकतंत्र और मतदान के अधिकारों पर खतरा बताया, वहीं बीजेपी ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया। ऐसे में संविधान दिवस पर राजधानी में सियासी बयानबाजी का दौर देखने को मिला।
Chhattisgarh Politics : संविधान पर आर-पार, बढ़ी सियासी तकरार
26 नवंबर यानी संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस ने देशभर में संविधान रक्षा मार्च निकालने का ऐलान किया था। इसी कड़ी में रायपुर के गांधी मैदान में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटे। यहां से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मार्च अंबेडकर चौक के लिए रवाना हुआ।
Chhattisgarh Politics : संवैधानिक संस्थाओं पर सरकार का शिकंजा- कांग्रेस
अंबेडकर चौक पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ के नारे लगाए। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है और संविधान पर प्रहार कर रही है। भगत ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग सरकारी दफ्तर की तरह काम कर रहा है।
Chhattisgarh Politics : कांग्रेस को संविधान पर न भरोसा न सम्मान- BJP
कांग्रेस का आरोप है कि वोट चोरी और विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के जरिए मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाकर लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है। इसी के विरोध में पार्टी ने ‘वोट रक्षक अभियान’ शुरू किया है। इसके तहत कार्यकर्ता बूथ स्तर पर जाकर मतदाता सूची से हटाए गए नामों का सत्यापन करेंगे। वहीं दूसरी ओर बीजेपी ने भी राजधानी रायपुर में संविधान गौरव दिवस का आयोजन किया। बीजेपी ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य संविधान के गौरव, उसके मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति सम्मान प्रकट करना है।कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च और केंद्र सरकार पर लगाए गए आरोपों को लेकर बीजेपी ने भी पलटवार किया।
कुल मिलाकर संविधान दिवस पर रायपुर में संविधान के सम्मान की बात तो दोनों ही दलों ने की, लेकिन संविधान रक्षा मार्च और संविधान गौरव दिवस के जरिए कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी आरोप-प्रत्यारोप भी खुलकर सामने आए। अब देखना होगा कि संविधान और लोकतंत्र के मुद्दे पर शुरू हुई यह सियासी जंग आने वाले दिनों में क्या रुख लेती है।


