Success Story अगर कुछ नया करने का जुनून हो तो नौकरी की सुरक्षित जिंदगी छोड़कर भी सफलता की नई राह बनाई जा सकती है। लखनऊ की रहने वाली अक्षिता गोयल ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। पांच साल तक कॉर्पोरेट सेक्टर में नौकरी करने के बाद उन्होंने अपना स्टार्टअप शुरू करने का फैसला किया। अप्रैल 2026 में उन्होंने ‘NAPO’ नाम से पिज्जा कारोबार की शुरुआत की। महज छह महीने के भीतर उनका यह छोटा सा वेंचर लाखों रुपये का कारोबार करने लगा। सितंबर 2026 तक स्टार्टअप का मासिक राजस्व 5.6 लाख रुपये और शुद्ध मुनाफा 2.3 लाख रुपये तक पहुंच गया।
गुरुग्राम की नौकरी छोड़ लखनऊ में शुरू किया अपना कारोबार
Success Story अक्षिता गोयल ने कम्युनिकेशन डिजाइन में ग्रेजुएशन किया है। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने गुरुग्राम की टेक कंपनी गार्टनर में ग्राफिक्स डिजाइनर के तौर पर करीब पांच साल काम किया। जुलाई 2025 में वह अपने पारिवारिक कारोबार में सहयोग करने के लिए लखनऊ लौट आईं। इसी दौरान उन्होंने खुद की अलग पहचान बनाने और उद्यमिता के क्षेत्र में कदम रखने का फैसला किया।
अक्षिता ने बाजार में एक ऐसी कमी महसूस की, जहां प्रीमियम रेस्तरां में मिलने वाला इटालियन नेपोलिटन स्टाइल पिज्जा काफी महंगा था, जबकि स्ट्रीट फूड में वैसी गुणवत्ता और स्वाद नहीं मिल पाता था। इसी अंतर को देखते हुए उन्होंने किफायती कीमत पर बेहतर गुणवत्ता वाला पिज्जा उपलब्ध कराने की योजना बनाई।
इसके लिए उन्होंने करीब 12 लाख रुपये की अपनी बचत निवेश की। अप्रैल 2026 में लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी से ‘NAPO’ की शुरुआत की। उन्होंने 12×7 फीट का विशेष रूप से तैयार कराया गया लाइव ओपन-किचन ट्रेलर लगाया, जहां ग्राहकों के सामने पिज्जा तैयार किया जाता है।
पहले महीने हुआ नुकसान, 50 से ज्यादा बार किया प्रयोग
Success Story अक्षिता के लिए कारोबार की शुरुआत आसान नहीं रही। फूड एंड बेवरेज सेक्टर में पहले कोई अनुभव नहीं होने के कारण उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। पहले ही महीने में करीब 1.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ। शुरुआती ग्राहकों ने उनके पिज्जा के स्वाद और डो की तुलना नान-सब्जी से तक कर दी।
इसके बाद अक्षिता ने अपने प्रोडक्ट की गुणवत्ता सुधारने पर पूरा ध्यान लगाया। उन्होंने शेफ के साथ करीब तीन महीने तक काम किया और सिर्फ रेड सॉस को बेहतर बनाने के लिए 50 से अधिक बार प्रयोग किए।
उन्होंने पिज्जा तैयार करने के लिए एक निश्चित प्रक्रिया (SOP) बनाई। इसमें खास तरह के 00 फ्लोर का इस्तेमाल, 36 से 48 घंटे तक आटे को फर्मेंट करना, हाथों से पिज्जा को आकार देना और 400 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान वाले वुड-फायर्ड ओवन में बेक करना शामिल है।
छह महीने में लाखों का कारोबार, सोशल मीडिया से मिली पहचान
लगातार मेहनत और प्रोडक्ट की गुणवत्ता में सुधार का असर जून 2026 से दिखने लगा। स्थानीय माइक्रो-इन्फ्लुएंसर्स के साथ सहयोग और सोशल मीडिया पर प्रचार से ‘NAPO’ को ग्राहकों के बीच पहचान मिलने लगी।
सितंबर 2026 तक अक्षिता के स्टार्टअप का मासिक राजस्व बढ़कर 5.6 लाख रुपये हो गया, जबकि शुद्ध मुनाफा 2.3 लाख रुपये तक पहुंच गया। महज 12 लाख रुपये की बचत से शुरू किया गया यह कारोबार अब उनकी एक सफल उद्यमी के रूप में पहचान बना रहा है।
अक्षिता गोयल की कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो नौकरी के साथ-साथ अपना व्यवसाय शुरू करने का सपना देखते हैं। उनका सफर बताता है कि सही बाजार की पहचान, लगातार प्रयोग, गुणवत्ता और धैर्य के दम पर छोटे स्तर से भी बड़ा कारोबार खड़ा किया जा सकता है।


