Cow Conservation : भोपाल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोवर्धन पूजा पर 9 नवंबर को भोपाल स्थित रवींद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह में सहभागिता की। उन्होंने परिसर में विधि-विधान के साथ गोवर्धन पूजा की और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना 2026-27 के 466 विजयी पशुपालकों को 2 करोड़ 95 लाख रुपये ट्रांसफर किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की पंजीकृत 3 हज़ार गोशालाओं में संरक्षित 5.51 लाख निराश्रित गौवंश के भरण- पोषण के लिए 65 करोड़ 66 लाख की अनुदान राशि दी। इससे पहले उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
उन्हेंने विभिन्न उत्पादों, नवाचारों और पशुपालन से संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना अंतर्गत चयनित उत्कृष्ट पशुपालकों को पुरस्कार राशि और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक लाख गौ-वंश भ्रूण हर साल तैयार करने के लिए 50 एकड़ में प्रोजेक्ट लगाया जाएगा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 5 हजार साल पहले भगवान श्रीकृष्ण ने अनेकों रूप लेकर मानवजाति को प्रेरित किया है। भगवान श्रीकृष्ण ने जल पर सबका अधिकार प्रदर्शित करने के लिए कालिया मर्दन किया। उन्होंने संदेश दिया कि जल पर कोई विषधर कब्जा कर ले ये बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनकी वह लीला भी सभी को याद है, जिसमें उन्होंने बताया कि प्रकृति पर, वन पर, संपूर्ण चराचर जगत पर सभी का अधिकार है। उन्होंने भगवान इंद्र के अहंकार को चूर-चूर करते हुए गोवर्धन उठाया और जनता की रक्षा की।
उन्होंने संदेश दिया कि सामूहिकता के बल पर हम बड़ी से बड़ी चुनौतियों का सामना कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा से प्रकृति-पर्वत के प्रति श्रद्धा बढ़ती है। जल जीवन है, लेकिन अतिवृष्टि को उचित नहीं ठहराया जा सकता। यह प्रसंग 7 दिन चला। उन्होंने कहा कि इस प्रसंग ने हमें इतनी प्रेरणा दी कि हम गोवर्धनधारी श्रीकृष्ण की वह तस्वीर अपने मन में बसाकर रखते हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने गौ-पालन को बढ़ावा दिया। खेती-किसानी के अलावा गौपालन से मनुष्य का प्रकृति के साथ संबंध जुड़ता है।
Cow Conservation : हम सभी के लिए जीना सीखें
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज फिर प्राकृतिक खेती का जमाना आ गया है। खेती में रसायन का इस्तेमाल करने से बीमारियां फैलती हैं। आज हम फिर श्रीकृष्ण भगवान के उस काल की खेती की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक वस्तुओं के जुड़ाव में गौ-माता धुरी का काम करती है। गाय में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास होता है। मनुष्य के अलावा गौ-माता ही वह जीव है जो मां कहकर प्रकृति को बुलाता है। वह हमको मां के ममत्व से जोड़ता है। गौ-माता हम सभी को अपने आश्रय में लेती है।
उसके रोम-रोम से हमारे लिए दुआ निकलती है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने दूध और मक्खन से मिली शक्ति के बलबूते कंस का वध किया। भगवान श्रीकृष्ण ने पर्यावरण से जोड़ते हुए गांव की संस्कृति को सिर-माथे पर लगाया। उन्होंने 5 हजार साल पहले सादगी का संदेश दिया। लोग सोने-चांदी के मुकुट पहनकर इतराते थे, लेकिन भगवान ने मयूर पंख धारण कर गांव की संस्कृति और पर्यावरण की संस्कृति को जोड़ दिया। उनका संदेश हमें आज भी प्रेरित करता है। उन्होंने संदेश दिया कि हमें अपने गांवों और ग्रामीण परिवेश को भूलना नहीं चाहिए। गौ-पालक गौ-माता का श्रृंगार करते हैं। गाय माता के गले में बजने वाली घंटी जीवन का नीयत क्रम बताती है।
वह बताती है कि जो आया है, वह जाएगा। इस आने-जाने के क्रम में हमें जो समय मिला है उसका सदुपयोग करना हमें सीखना चाहिए, हम सभी के लिए जीना सीखें। इसलिए हमने गौ-पालन का अनूठा अभियान चलाया है। यह आयोजन पूरे प्रदेश में एक साथ चल रहा है।
Cow Conservation : गौ-वंश की देखभाल के लिए डबल किया अनुदान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार के गठन के बाद हमने सोचा कि सरकार का काम केवल लॉ एंड ऑर्डर कायम करना, इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा करना नहीं है, बल्कि समाज के साथ जुड़ना भी है। इसलिए हमारी सरकार ने फैसला किया हम सारे त्योहार मनाएंगे। हम त्योहारों के माध्यम से संस्कृति से जुड़ते हैं, अनुशासित होते हैं, हमें आत्मीयता मिलती है। जब समाज त्योहार मनाए तो सरकार दूर क्यों खड़ी रहे। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा यानी नए साल का प्रारंभ। जिसके घर गाय वो गोपाल।
सरकार अपने दायित्वों का निर्वहन करे, सकारात्मक दृष्टिकोण को सामने लाने के लिए ठोस कदम उठाए। पहले गौ-वंश को नियंत्रित करने के लिए सड़क पर पिंजरे लगाए जाते थे, लेकिन हमने इस प्रक्रिया में संशोधन किया। हमने नगरीय निकायों के स्तर पर गौशालाएं चलाने का निर्णय किया। हमने प्रति गौ-माता अनुदान 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये किया। ऐसी गौशालाएं अगर व्यक्ति निजी स्तर पर भी चलाएंगे उन्हें भी अनुदान राशि मिलेगी। आज 3 हजार से ज्यादा पंजीकृत गौशालाओं में 5 लाख 51 हजार से ज्यादा गौ-वंश के भरत-पोषण के लिए 65 करोड़ 66 लाख की राशि दी गई है। गौ-पालन में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान भी हुआ है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार शहरी क्षेत्र में गीता भवन बनाएगी। गीता का संदेश अद्भुत है। उन्होंने कहा कि हर विधानसभा में वृंदावन गांव स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में गोपाल कृष्ण प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें विजेताओं को एक लाख-पचास हजार-पच्चीस हजार का इनाम दिया गया। हमने देसी गाय के पालन के लिए यह नई शुरुआत की है। आज हमारी देसी गाय भी अच्छी संख्या में दूध दे रही है।
Cow Conservation : बढ़ रहा धार्मिक पर्यटन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गौरव रघुवंशी की गाय ने 19.760 लीटर दूध देकर प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। रतलाम के मुकेश परमार, उमरिया के संध्या पांडे ने क्रमशः दूसरा और तीसरा पुरस्कार जीता है। हमने भगवान कृष्ण की लीलाओं को संजोने के लिए योजनाएं बनाई हैं। भगवान राम का वन गमन पथ हो, भगवान कृष्ण की लीलाओं के स्थान हों, इन सभी जगहों पर काम हो रहे हैं। हमारी सरकार राजा राम की नगरी ओरछा में 400 करोड़ के काम कर रही है। हमने चित्रकूट के अंदर 2 हजार करोड़ के काम शुरू किए हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे यहां दो ज्योतिर्लिंग बाबा महाकाल और ओंकारेश्वर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बाबा महाकाल लोक बनाने के बाद तीर्थाटन का आदर्श उदाहरण पेश हुआ है। महाकाल लोक जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर बनने के बाद पूरे क्षेत्र की इकोनॉमी बदल जाती है, सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलता है। पहले साल में 20-25 लाख लोगों का आना बड़ी बात होती थी। आज एक वर्ष में 7 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं का उज्जैन आगमन हुआ है। इसी तरह ओंकारेश्वर में भी हम धार्मिक स्थल का उन्नयन कर रहे हैं। इससे मध्यप्रदेश में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होगा और तीर्थाटन को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।
Cow Conservation : समृद्धि लाने के अहम जरिया है पशुधन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गौवंश और खेती का रिश्ता बहुत मजबूत है। किसान के घर में गाय होना केवल पशुधन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उसके परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति और आजीविका का एक सशक्त आधार भी है। खेती-किसानी में किसानों को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। कभी अधिक बारिश हो जाती है, तो कभी कम वर्षा के कारण फसल प्रभावित होती है।
कभी बीज खराब हो जाते हैं, तो कभी अन्य कारणों से खेती में नुकसान उठाना पड़ता है। लेकिन मेरा अनुभव है कि जिन परिवारों में गोपालन और पशुपालन की परंपरा रही है, उनकी आय के स्रोत कभी सीमित नहीं रहे। खेती के साथ पशुपालन, मछली पालन और बकरी पालन जैसे व्यवसाय किसानों की आय बढ़ाने तथा उनके परिवारों में समृद्धि लाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि इसी दृष्टिकोण से हमारी सरकार मछुआरा भाइयों को मछली पालन, आदिवासी समाज के लोगों को बकरी पालन तथा पशुपालकों को गोपालन के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
किसान अपनी आवश्यकता और सामर्थ्य के अनुसार गाय के साथ भैंस अथवा अन्य पशुधन का पालन भी कर सकते हैं। सरकार का उद्देश्य है कि हर किसान और पशुपालक को आजीविका के अतिरिक्त अवसर मिलें और उसकी आय में वृद्धि हो। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जीरो साहिवाल की बछिया और आवारा गौ-वंश का भ्रूण प्रत्यर्पण करने के लिए नई तकनीक आई है। इस तकनीक का इस्तेमाल कर एक लाख भ्रूण प्रतिवर्ष तैयार करने के लिए 50 एकड़ में प्रोजेक्ट लगाया जाएगा। इसके लिए केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने मंजूरी दे दी है। इस तकनीक को गांव-गांव की गौ-माताओं के साथ जोड़ा जाएगा।
Cow Conservation : किसानों को करेंगे प्रोत्साहित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पशुपालन का लाभ केवल दूध उत्पादन तक सीमित नहीं है। इससे प्राप्त जैविक खाद खेतों की मिट्टी की उर्वरता बढ़ाती है और रासायनिक खादों पर निर्भरता कम करने में भी सहायक होती है। इस प्रकार पशुपालन खेती को अधिक टिकाऊ और लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मध्यप्रदेश देश में अग्रणी राज्य के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारी सरकार प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित कर किसानों की समृद्धि, मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का प्रयास है कि दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश में तीसरे स्थान से आगे बढ़कर प्रथम स्थान पर पहुंचे। इसके लिए गांव-गांव में सहकारी समितियों के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों का पंजीयन कर दूध उत्पादन बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य है कि खेती-किसानी के साथ दुग्ध उत्पादन किसानों की आय बढ़ाने का सशक्त माध्यम बने। इसी उद्देश्य से हम तेजी से श्वेत क्रांति-2 की ओर आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भी दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण मार्ग सुझाया है। इसी दिशा में सरकार डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना अंतर्गत 25 दुधारू गायों अथवा भैंसों की डेयरी इकाई स्थापित करने पर लगभग 42 लाख की परियोजना लागत में 30%, यानी करीब 13.86 लाख का अनुदान प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि उन्नत नस्ल के पशुओं को प्रोत्साहित करने और किसानों को आधुनिक पशुपालन की जानकारी देने के लिए प्रदेश में पशु मेलों का आयोजन भी किया जाएगा। इन मेलों को केवल मनोरंजन का नहीं, बल्कि उन्नत पशु नस्लों, आधुनिक कृषि तकनीकों और पशुपालन संबंधी जानकारी के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण केंद्र बनाया जाएगा।
ये भी जानिए : Mallikarjun Kharge : दिवाली को ‘खुशियों की ईद’ बताने पर खरगे घिरे, बीजेपी ने कांग्रेस पर लगाया सनातन विरोधी राजनीति का आरोप


